ग्वालियर 26 दिसंबर 2025/ सनातन धर्म को जाग्रत करने और हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से रविवार 28 दिसंबर को शहर और आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न बस्तियों में हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन के पश्चात सहभोज रखा गया है। वहीं रोजाना निकल रही प्रभात फेरियों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
बौद्ध बस्ती का विराट हिंदू सम्मेलन
सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में बौद्ध बस्ती का विराट हिंदू सम्मेलन 28 दिसंबर को दोपहर 12 बजे कृष्णा नगर स्थित मिश्रा हॉस्पीटल के पीछे हरे कृष्णा पार्क में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आदर्श गौशाला लालटिपारा के स्वामी ऋषभदेवानंद महाराज होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा से होगी। समापन भारत माता की आरती के साथ होगा।
विनय नगर क्षेत्र का हिंदू सम्मेलन 28 दिसंबर को
विनय नगर क्षेत्र का हिंदू सम्मेलन 28 दिसंबर को दोपहर 2 बजे विनय नगर सेक्टर-3 स्थित पानी की टंकी विनयेश्वर पार्क में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन से पहले यहां दोपहर 12 बजे कलश यात्रा गौरीशंकर स्कूल के सामने स्थित अमृतेश्वर महादेव मंदिर से निकाली जाएगी, जो विनय नगर के सेक्टर 3, 4 के विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी। सम्मेलन के वक्ता अशोक अग्रवाल गुना, अयोध्या से पधारे संत सुधीर शरण महाराज, रेखा भदौरिया होंगी।
लोहागढ़ बस्ती का हिंदू सम्मेलन
लोहागढ़ बस्ती का हिंदू सम्मेलन 28 दिसंबर को दोपहर 12 बजे ढोली बुआ का पुल के समीप नगर निगम वर्कशॉप परिसर में आयोजित किया जाएगा। हिन्दू समाज की एकजुटता और राष्ट्र निर्माण में भूमिका विषय पर आयोजित सम्मेलन के मुख्य अतिथि महामण्डलेश्वर अखिलेश्वरानंद गिरि महाराज एवं मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कुटुंब प्रबोधन प्रांत प्रमुख अशोक पाठक होंगे।
मोहना मंडल का हिंदू सम्मेलन
मोहना मंडल का हिंदू सम्मेलन 28 दिसंबर को सुबह 11 बजे उपाध्याय गार्डन मोहना में होगा। मुख्य अतिथि रानीघाटी आश्रम के संत अमृतानंद महाराज एवं मुख्य वक्ता विनीता जैन होंगी।
घाटीगांव मंडल का सम्मेलन
इसी क्रम में घाटीगांव मंडल का सम्मेलन 28 दिसंबर को सुबह 11 बजे पंचायत भवन घाटीगांव में रानी घाटी आश्रम के संत प्रेमानंद महाराज के सानिध्य में होगा। मुख्य वक्ता मनीषा शर्मा होंगी।