Homeप्रमुख खबरेंदतिया उपचुनाव : आशुतोष तिवारी ने भरा नामांकन मुख्यमंत्री सहित कई दिग्गज...

दतिया उपचुनाव : आशुतोष तिवारी ने भरा नामांकन मुख्यमंत्री सहित कई दिग्गज नेता रहे उपस्थित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को दतिया कलेक्ट्रेट में पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी का नामांकन-पत्र दाखिल कराने के पश्चात किला चौक पर आयोजित विशाल जनसभा को किया संबोधित
मुख्यमंत्री ने कहा -दतिया का उपचुनाव राजा और रंक के बीच का चुनाव है

दतिया/भोपाल, 13/07/2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को दतिया कलेक्ट्रेट पहुंचकर दतिया विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी का नामांकन-पत्र दाखिल कराया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किला चौक पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दतिया का चुनाव एक सामान्य चुनाव नहीं रह गया है। दतिया का उपचुनाव राजा और रंक के बीच का चुनाव है। कांग्रेस ने राज परिवार से प्रत्याशी मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा से गरीब परिवार के सामान्य कार्यकर्ता श्री आशुतोष तिवारी चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस को उनकी जमीन नहीं पता, लेकिन आसमान खरीदने की बात करते हैं। कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में दशकों से गायब हैं। इसके बावजूद भी कांग्रेस पार्टी और उसका गांधी परिवार जनता को भ्रम में रखने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस विकास की बजाय जनता को जाति-धर्म के नाम पर बांटने का कार्य करती है। आप पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को अपना आशीर्वाद देकर ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएं, मैं विश्वास दिलाता हूं कि दतिया के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा जीत का नया इतिहास लिखेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और भाजपा की कल्याणकारी नीतियों के साथ खड़ी है। आप सभी भाजपा को आशीर्वाद दें, दतिया को प्रगति, समृद्धि के शिखर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी भाजपा को रिकॉर्ड मतों से विजय दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भावुक होते हुए कहा कि 20 साल पहले दतिया में तांगे चलते थे, आज हवाई जहाज चल रहे हैं। यह विकास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकारों ने किए हैं। मैं दतिया के हर दरवाजे पर जाऊंगा और पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने के लिए कार्य करूंगा। मैं और दतिया का हर एक कार्यकर्ता श्री आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने के लिए अपना सीना अड़ाकर खड़े हैं। इस दौरान पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, मंत्री श्री राकेश शुक्ला मंचासीन रहे। जनसभा को प्रदेश शासन के मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, श्री एंदल सिंह कंसाना, अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र यादव, पूर्व निगम अध्यक्ष श्री शैतान पाल सिंह ने भी संबोधित किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments