ग्वलियर 19 दिसम्बर 2025/ मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत प्रदेश सरकार ग्वालियर जिले के 179 बुजुर्गों को “तिरुपति-श्रीकालहस्ती” तीर्थ कराने जा रही है। तीर्थ दर्शन योजना के तहत विशेष रेलगाड़ी एक जनवरी को पवित्र तिरुपति-श्रीकालहस्ती तीर्थ कराने जायेगी। तीर्थ कराने के बाद यह रेलगाड़ी 07 जनवरी को वापस ग्वालियर लौटेगी। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा तीर्थ यात्रियों के सहयोग के लिये 4 अनुरक्षक नियुक्त किए गए हैं। सम्पूर्ण तीर्थ यात्रा के दौरान यह अनुरक्षक सभी बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों की मदद करेंगे।
सभी अनुरक्षकों को विशेष रेलगाड़ी की रवानगी के दो घंटे पहले ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेट फॉर्म क्र.-4 के समीप बनाए गए पण्डाल में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। अनुरक्षकों से कहा गया है कि वे निर्धारित काउण्टर पर बैठकर यात्रा के लिये चयनित बुजुर्गों की उपस्थिति निर्धारित पत्र में लें और उसकी एक प्रति माफी शाखा को यात्रा पर रवाना होने से पूर्व सौंपें।
धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग भोपाल की अधिसूचना के अनुसार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक (महिलाओं को 2 वर्ष की आयु छूट) तथा आयकरदाता न होने वाले वरिष्ठ नागरिक मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ प्राप्त करने के लिये पात्र होते हैं। 65 वर्ष से अधिक आयु वाले अकेले यात्री अपने साथ एक सहायक ले जाने की पात्रता होती है। इसी प्रकार 3 से 5 व्यक्तियों के समूह में सभी की आयु 65 वर्ष से अधिक होने पर समूह के साथ एक सहायक की अनुमति दी जाती है। हालांकि पति-पत्नी साथ यात्रा करने पर सहायक की सुविधा देने का प्रावधान नहीं है।