Homeप्रमुख खबरेंपीएम मोदी का पापुआ न्यू गिनी में भव्य स्वागत, प्रधानमंत्री मारापे ने...

पीएम मोदी का पापुआ न्यू गिनी में भव्य स्वागत, प्रधानमंत्री मारापे ने छुए पैर देखें वीडियो

हिरोशिमा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी जापान यात्रा के समापन के बाद तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण के लिए पापुआ न्यू गिनी पहुंचे. यहां एयरपोर्ट पर पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने उनका स्वागत किया. इस दौरान मारापे ने पीएम मोदी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा किसी भारतीय

प्रधानमंत्री की पापुआ न्यू गिनी की पहली यात्रा है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इससे पहले जापान से रवाना होने से पहले रविवार को अपने ब्रिटिश समकक्ष ऋषि सुनक के साथ बातचीत के दौरान भारत-ब्रिटेन एफटीए वार्ता में प्रगति सहित द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की. पीएम मोदी ने जापान के हिरोशिमा शहर में जी7 देशों के शिखर सम्मेलन से इतर सुनक से मुलाकात की. इस दौरान, दोनों नेताओं ने व्यापार एवं निवेश और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे व्यापक क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने पर सहमति भी जताई.

विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया, ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिरोशिमा में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ सार्थक बातचीत की. दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन के बीच एफटीए (मुक्त व्यापार समझौता) से जुड़ी वार्ताओं में हुई प्रगति का जायजा लेने के साथ-साथ द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की.’ बातचीत से पहले मोदी और सुनक ने एक-दूसरे को गले लगाया.

पीएम मोदी अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा के निमंत्रण के बाद जी7 शिखर सम्मेलन के तीन सत्रों में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार को हिरोशिमा पहुंचे थे.

 

तीन देशों के अपने दौरे के दूसरे चरण में मोदी पापुआ न्यू गिनी पहुंचे हैं. पीएम मोदी और उनके समकक्ष मारापे सोमवार को FIPIC के तीसरे शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे. पीएम मोदी ने पूर्व में कहा था, ‘मैं आभारी हूं कि सभी 14 प्रशांत द्वीप देशों (PIC) ने इस महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन एफआईपीआईसी  में भाग लेने के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है.’

एफआईपीआईसी का गठन 2014 में प्रधानमंत्री मोदी की फिजी यात्रा के दौरान किया गया था. एफआईपीआईसी शिखर सम्मेलन में 14 देशों के नेता भाग लेंगे. आम तौर पर कनेक्टिविटी और अन्य मुद्दों के कारण ये सभी शायद ही कभी एक साथ मिलते हैं. पीआईसी में कुक आइलैंड्स, फिजी, किरिबाती, मार्शल आइलैंड्स, माइक्रोनेशिया, नाउरू, नीयू, पलाऊ, पापुआ न्यू गिनी, समोआ, सोलोमन आइलैंड्स, टोंगा, तुवालु और वानुआतु शामिल हैं. पीएम मोदी, मारापे के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और पापुआ न्यू गिनी के गवर्नर जनरल बॉब डाडे से भी मुलाकात करेंगे

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments