पुरी 31 दिसंबर 2025/नए साल के मौके पर पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर आने वालों के लिए गुड न्यूज है। नए साल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ओडिशा सरकार ने श्री जगन्नाथ मंदिर को आधी रात के बाद भी खुला रखने का फैसला किया है पुरी जिला प्रशासन का अनुमान है कि नए साल के दिन भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए करीब 3.5 लाख से 4 लाख श्रद्धालु पुरी पहुंच सकते हैं। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरबिंदा पाधी ने एक बैठक के बाद बताया कि 31 दिसंबर को मंदिर पूरी रात खुला नहीं रहेगा। बल्कि इसके कपाट लगभग रात 2 बजे खोले जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी धार्मिक अनुष्ठान पहले की तरह ही संपन्न होंगे।
मंदिर के कपाट 1 जनवरी को रात करीब 2 बजे खोले जाएंगे, जबकि सामान्य दिनों में भक्तों को सुबह 4 या 5 बजे ही दर्शन की अनुमति मिलती है। कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया कि रथ यात्रा जैसे त्योहारों पर मंदिर में भक्तों की संख्या सामान्य से तीन-चार गुना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भक्तों की धार्मिक भावनाओं का आदर करते हुए 31 दिसंबर की रात को मंदिर खुला रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि सभी पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया जाएगा