प्रदेश के प्रथम जिला योग प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
ग्वालियर-। भारत विश्व गुरु था, विश्व गुरु है और विश्व गुरु रहेगा। उपरोक्त उदगार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख श्री ओमप्रकाश सिसोदिया ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आज मध्यप्रदेश के प्रथम जिला योग प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। शासकीय इंजीनियरिंग विद्यालय खेड़ापति कालोनी में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवीदयाल भारती तथा अध्यक्ष जिला शिक्षा अधिकारी विकास जॊशी थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डाॅ केशव पाण्डेय तथा जिला योग प्रभारी श्री दिनेश चाकणकर मंचासीन थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माॅ सरस्वती की पूजा अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया । श्री सिसोदिया ने अपने उदबोधन में कहा कि योग जीवन जीने की विधा है। निरोग रहने के लिए योग जरूरी है।इस केंद्र की उपयोगिता तभी है कि सरकारी होकर भी असरकारी बने। इस अवसर पर कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डॉ॰ केशव पांडे ने अपने उदबोधन में कहा की योग स्वास्थ्य के लिए बहुत ही जरूरी है, शिक्षा विभाग का यह प्रयास बहुत ही सराहनीय है कि विद्यालयों के माध्यम से योग को प्रत्येक विद्यार्थियों तक पहुँचाया जा रहा है। योग के माध्यम से स्वस्थ युवा पीढ़ी तैयार होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री देवीदयाल भारती ने कहा कि जिला योग प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने वाला ग्वालियर प्रदेश का प्रथम जिला है। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी और जिला योग प्रभारी बधाई के पात्र हैं। श्री भारती ने उम्मीद जताई कियह केंद्र पूरे प्रदेश के लिए मिसाल साबित होगा। ग्वालियर के इस केंद्र को राज्य स्तरीय योग प्रशिक्षण केंद्र भोपाल द्वारा यथासंभव मदद की जायेगी।कार्यक्रम को जिला शिक्षा अधिकारी विकास जोशी द्वारा शिक्षा विभाग के माध्यम से योग के कार्यक्रम पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। और योग क्लब प्रभारियों से योग को जन जन तक पहुंचाने का आव्हान किया। जिला योग प्रभारी दिनेश चाकणकर द्वारा जिले में चल रहे योग कार्यक्रमों के बारे में सभी को विस्तृत कार्यक्रम से अवगत कराया। तथा आजादी

के अमृत महोत्सव के अंतर्गत कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी करते हुए योग क्लब प्रभारियों से अपने विद्यालय में कार्यक्रम करने का आव्हान किया।
कार्यक्रम का संचालन रेखा भदोरिया ने एवं आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य विजय दीक्षित ने किया। इस अवसर पर विकासखंड योग प्रभारी श्री जयदयाल शर्मा, अरूण शर्मा, हेमंत त्रिवेदी, राजनारायण शर्मा, केपी यादव, रुचि सचान, पूर्व जिला योग प्रभारी ऋषिकेश वशिष्ठ, अखिलेश पचौरी,डॉक्टर निशांत शर्मापीके दिबोलिया , आर बी गुप्ता, नीतू तोमर,रेखा श्रीवास्तव, मुन्ना परिहार तथा जिले के अनेक योग क्लब प्रभारी उपस्थित थे।