फर्जी मतदाताओं की शिकायत के बाद चुनाव आयोग की 4 टीमें भोपाल पहुंची
नई दिल्ली : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ऐन पहले वोटर लिस्ट में बड़ी संख्या में फर्जी मतदाताओं का नाम मिलने का मामला गरमा गया है.कांग्रेस ने 60 लाख फर्जी मतदाता होने का दावा किया है और मुख्य चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है.फर्जी मतदाताओं की शिकायत के बाद चुनाव आयोग की 4 टीमें भोपाल आ गईं हैं. हर टीम में 2-2 अधिकारी हैं जो कथित तौर पर मतदाता सूची में फर्जीवाड़े की जांच कर रहे हैं.कांग्रेस के इस मसले को जोर-शोर से उठाने के पीछे कई वजहें भी हैं. पिछले चुनाव की बात करें तो 230 सीटों वाले विधानसभा में सत्ताधारी बीजेपी के खाते में 165 सीटें आई थीं.जबकि कांग्रेस के खाते में 57 सीटें गई थीं.भाजपा को जहां 22 सीटों का लाभ हुआ था, तो वहीं कांग्रेस को 13 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा था.पिछले चुनाव परिणाम को देखें तो 230 विधानसभा क्षेत्रों में से लगभग 50 विधानसभा क्षेत्र ऐसे थे, जहां जीत हार का अंतर 5,000 के आसपास था.अधिकतर सीटों पर कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ा था.कांग्रेस का दावा है इन विधानसभा क्षेत्रों में पहले भी बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाता थे.ऐसे में अगर इस बार इन विधानसभा क्षेत्रों से फर्जी मतदाताओं के नाम कट जाते हैं तो चुनावी तस्वीर बदल सकती है.कांग्रेस इसको अपने पक्ष में देख रही है और पार्टी का मानना है कि यहां उसे लीड मिल सकती है.