Homeग्वालियर अंचलमुख्यमंत्री चौहान ने ग्वालियर में पाल, बघेल व धनकर समाज के सम्मेलन...

मुख्यमंत्री चौहान ने ग्वालियर में पाल, बघेल व धनकर समाज के सम्मेलन में की कई घोषणाएं


प्रमुख घोषणाएं

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का ग्वालियर में भव्य स्मारक बनाया जायेगा

बेहटा में बस स्टेण्ड का नाम अहिल्याबाई होल्कर होगा

पाल, बघेल व धनकर समाज के कल्याण के लिये प्रदेश में गठित होगा बोर्ड

माँ अहिल्याबाई के जन्मदिवस पर प्रदेश में एच्छिक अवकाश रहेगा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ग्वालियर में पाल, बघेल व धनकर समाज के सम्मेलन में हुए शामिल

ग्वालियर/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हम सब लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के वंशज हैं। उन्होंने लोक कल्याण के लिये जो कार्य किए हैं उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। माँ अहिल्याबाई होल्कर का ग्वालियर में भव्य स्मारक बनाया जायेगा । बेहटा में बन रहे बस स्टेण्ड का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जायेगा। इसके साथ ही बघेल और धनगर समाज के कल्याण के लिये प्रदेश में एक बोर्ड गठित किया जायेगा। जिसके अध्यक्ष को कैबिनेट मंत्री का दर्जा होगा। लोकमाता अहिल्याबाई के जन्मदिवस पर प्रदेश में एच्छिक अवकाश रहेगा । मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्वालियर के ग्रामीण क्षेत्र बेहटा में शनिवार को बघेल समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।
बेहटा में आयोजित बघेल समाज के सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चरणों की सौगंध खाकर कहता हूँ की बघेल समाज के कल्याण के लिये कोई कोर कसर नहीं छोडूँगा। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री सुरेश राठखेड़ा, उद्यानिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, बघेल समाज आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र पाल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्वालियर-चंबल अंचल के बघेल समाज के नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछड़े समाज की प्रगति का जब कार्य किया जाता है तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है। लेकिन प्रदेश में पिछड़ी जातियों के हितार्थ के लिये कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बहनों के सशक्तिकरण के लिये और उनकी जिंदगी बदलने के लिये मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिये मेधावी छात्रवृत्ति के साथ पाल, बघेल समाज के छात्र-छात्राओं को मेडीकल एवं इंजीनियरिंग की शिक्षा के लिये भी सभी सुविधायें उपलब्ध कराई जायेंगीं। उन्होंने कहा कि मेडीकल, इंजीनियरिंग की शिक्षा हिंदी भाषा में शुरू होने से पाल, बघेल एवं गरीब समाज के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिलबाई ने देश एवं दुनिया में सुशासन का जो मंत्र दिया, उसके इन कार्यों को आज भी याद किया जाता है।

देवी अहिल्याबाई होल्कर के न्याय और बलिदान के कार्यों को देश भुला नहीं पायेगा – केन्द्रीय मंत्री  तोमर

केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि हमारे बीच में त्याग, तपस्या और बलिदान की पूजा होती है। न्याय और कर्म की पूजा होती है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने न्याय और बलिदान का जो कार्य किया है उसे यह देश भुला नहीं पाएगा।

माता अहिल्याबाई ने अत्याचारियों के विरूद्ध लड़ाई लड़ी – केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पाल बघेल समाज के त्याग को देश की 140 करोड़ जनता कभी भूल नहीं पायेगी। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर के कार्य एवं सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मातृ शक्ति के रूप में वे विश्व में ही नहीं बल्कि पूरे ब्रम्हाण्ड में मिसाल पेश की।
कार्यक्रम के शुरू में पाल बघेल धनकर समाज के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र पाल ने स्वागत भाषण दिया।
मुख्यमंत्री एवं मंत्रिगणों ने माता अहिल्याबाई की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व प्रदेश के उद्यानिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह ने कार्यक्रम में पहुँचने के पूर्व बेहटा में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments