झारखंड पुलिस के हाथ सोमवार को बड़ी सफलता लगी। दरअसल पुलिस के साथ मुठभेड़ में पांच नक्सली ढेर हो गए हैं। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में दो टॉप कमांडर हैं, जिन पर 25-25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मुठभेड़ झारखंड के चतरा में हुई। मारे गए नक्सलियों के पास से दो एके47 भी बरामद हुई हैं। पुलिस का ऑपरेशन अभी भी चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए टॉप कमांडर के अलावा अन्य तीन पर भी पांच-पांच लाख का इनाम है।
झारखंड के चतरा जिले से सटे सीमा पर सुरक्षाबलों और भाकपा माओवादियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सुरक्षा बलों ने पलामू-चतरा सीमा पर माओवादियों के खिलाफ अभियान शुरू किया था। इस अभियान में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन, जैप, आईआरबी के साथ-साथ पलामू और चतरा के जिला बल को लगाया तैनात किया गया था।
एंटी नक्सल अभियान के दौरान पलामू-चतरा सीमा पर सुरक्षा बल और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को मारे जाने सूचना मिली है। हालांकि, अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। दरअसल, इस बात का अंदाजा इसलिए लगाया जा रहा है क्योंकि पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने इशारों इशारों में यह जरूर बताया कि बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
नक्सलियों के अन्य साथियों की तलाश के लिए जंगल में सर्च अभियान जारी है। अब तक पुलिस को पांच हथियार भी बरामद हो चुके हैं और उम्मीद है कि कुछ और हथियार मिलेंगे। फिलहाल, कुछ अन्य नक्सलियों को भी गोली लगने की सूचना है। सूचना थी कि 25 लाख का इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य गौतम पासवान अपने दस्ते के साथ वहां मौजूद है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है।