मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. यहां मुहर्रम के जुलूस में सरेआम एक कार को क्रेन के सहारे हवा में करीब 40 फीट ऊपर लटकाकर विस्फोटकों से उड़ा दिया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारी हंगामा मच गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है.
यह घटना 23 जून की रात की बताई जा रही है. बड़नगर के अडान मोहल्ले से मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था, जिसमें भारी भीड़ मौजूद थी. इसी दौरान ‘शेरे अडान अखाड़ा’ के आयोजकों ने एक पुरानी कार को क्रेन से बांधकर हवा में लटका दिया. कार के ऊपर बड़े अक्षरों में “ले फिर आ गए” लिखा हुआ था. वीडियो में विस्फोट से ठीक पहले दो लोग हाथों में लाल झंडा लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद तेज धमाके के साथ कार को हवा में ही उड़ा दिया गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए अन्य खतरनाक स्टंट
जांच में सामने आया है कि ‘परवेज एडिट्स_2.0’ (Parvez Edits_2.0) नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से सिर्फ इस कार विस्फोट का ही नहीं, बल्कि कई अन्य खतरनाक स्टंट के वीडियो भी शेयर किए गए थे. इनमें अलग-अलग तरह के विस्फोट करते हुए युवक नजर आ रहे हैं. इसी तरह हुसैनी अखाड़ा और शाहजलालपुरा अखाड़े में भी युवकों को लटकाकर हैरतअंगेज और खतरनाक प्रदर्शन किए गए.
संतों और हिंदू संगठनों ने जताई कड़ी आपत्ति
इस तरह सरेआम विस्फोटक के इस्तेमाल को लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है. हिंदू जागरण मंच (उज्जैन) के रितेश माहेश्वरी ने इस पर सवाल उठाए हैं. वहीं, हरिद्वार के संत स्वामी शिवानंद गिरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए तल्ख टिप्पणी की.
स्वामी शिवानंद गिरी ने लिखा- “हम काफिरों की गाड़ियों को इसी तरह उड़ा देंगे, लगता है यही संदेश दिया जा रहा है. महाकाल की नगरी उज्जैन में जहां त्योहारों पर पटाखे और दही हांडी पर बैन लग जाता है, वहां मुहर्रम के दौरान गाड़ी को विस्फोटक से उड़ाकर, आतंकी गतिविधि जैसी घटना दिखाकर त्योहार मनाने की इजाजत कैसे मिल जाती है?”
पुलिस का एक्शन: शोएब और क्रेन मालिक पर FIR
मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद बड़नगर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पूरी जांच की गई. वहीं, पूरे मामले पर अपडेट देते हुए एडिशनल एसपी (ASP) करण दीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस खतरनाक स्टंट को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी शोएब और क्रेन मालिक गोपाल माली के खिलाफ मामला (FIR) दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी.