भोपाल।राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कार्यालय ‘समिधा’को दी गई सुरक्षा बीते रोज हटा दी गई थी। इसी के साथ मध्यप्रदेश की राजनीति में घमासान मच गया। सीएम कमलनाथ ने सुरक्षा हटाई तो दिग्विजय सिंह ने इस पर आपत्ति जता दी। पुलिस ने भी अपना पक्ष रखा। भाजपा नेताओं ने तो इसको लेकर कमलनाथ पर जमकर हमला बोला नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने तो यहां तक चेतावनी दे डाली की किसी भी संघ स्वयंसेवक को खरोंच भी आई तो ईंट से ईंट बजा दी जायेगी। संघ भाजपा के हमलावर तेवर और अपनी ही पार्टी के नेता दिग्विजय सिंह के विरोधी बयान से घबराये मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज आरएसएस कार्यालय समिधा से वापस ली गई सुरक्षा को पुनः बहाल करने के आदेश जारी किए।
कमलनाथ ने सुरक्षा बहाल कर दी
भोपाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय ‘समिधा’की सुरक्षा में लगे जवानों को हटाए जाने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अधिकारियों को फिर से सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ के जारी बयान में कहा गया मुझे आरएसएस के भोपाल स्थित कार्यालय से चुनाव आयोग में की गई एक शिकायत के चलते व चुनावी कार्य में फ़ोर्स की आवश्यकता होने के कारण सुरक्षा हटा लेने की जानकारी मिली। मैंने अधिकारियों को तुरंत ही निर्देश दिये है कि आरएसएस कार्यालय पर पुनः सुरक्षा व्यवस्था की जाए। कमलनाथ ने कहा कि आरएसएस से भले हमारे वैचारिक मतभेद हो सकते है। लेकिन मैं उनके कार्यालय से सुरक्षा हटायें जाने का पक्षधर नहीं हूं।