Homeग्वालियर अंचलवीडियो : महंगाई व अन्य मांगों को लेकर लश्कर बंद को हिन्दू...

वीडियो : महंगाई व अन्य मांगों को लेकर लश्कर बंद को हिन्दू महासभा ने बताया पूर्णतया सफल

सिंधिया, यादव और तोमर को भेजा धिक्कार पत्र; रोजाना साफ पानी और सड़कों की मरम्मत की मांग

ग्वालियर, 15 सितंबर 2026/ अखिल भारत हिन्दू महासभा जिला ग्वालियर के तत्वावधान में मंगलवार को लश्कर क्षेत्र में आधे दिन के बंद का आयोजन किया गया। संगठन ने बंद को पूर्णतया सफल बताते हुए शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को धिक्कार पत्र भेजे।

हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज ने कहा कि शहरवासियों को प्रतिदिन नलों के माध्यम से पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने ग्वालियर की गड्ढों वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत, बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार और महंगाई पर नियंत्रण की मांग की।

संगठन ने देश पर बढ़ते विदेशी कर्ज, भ्रष्टाचार तथा अन्य मुद्दों को लेकर भी सरकार के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रेस नोट के अनुसार, भितरवार में 7 जून 2025 को हिंदू देवी-देवताओं के बांध एवं धर्मांतरण से जुड़े आरोपों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी महासभा ने विरोध जताया और संबंधित प्रकरण में कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा ताजियों की ऊंचाई को लेकर दी गई कथित छूट तथा गणेश प्रतिमाओं की ऊंचाई पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर भी हिन्दू महासभा ने जिला प्रशासन के निर्णय पर सवाल उठाए। संगठन ने इसे धर्म विरोधी बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

डॉ. जयवीर भारद्वाज ने कहा कि यदि चार दिन के भीतर उठाई गई समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो हिन्दू महासभा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।

बाजारों में दुकानदारों से मांगा समर्थन

बंद को सफल बनाने के लिए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामबाबू सेन, युवा महामंत्री धर्मेंद्र बरेलिया, राहुल गुप्ता, रोहित जाटव, मनीष माहौर, हेमराज जाटव, सूरज माहौर और दीपक जाटव सहित संगठन के पदाधिकारियों ने दाल बाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, सराफा बाजार और नया बाजार क्षेत्र में दुकानदारों से बंद का समर्थन करने का आग्रह किया।

संगठन ने बंद में सहयोग करने वाले दुकानदारों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

— धर्मेंद्र बरेलिया
युवा जिला महामंत्री, अखिल भारत हिन्दू महासभा

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments