बिहार में मतदाता सूची संशोधन और कथित वोट चोरी के खिलाफ विरोध जताने के लिए विपक्षी दलों के सांसद सोमवार को निर्वाचन आयोग कार्यालय जा रहे थे। इस दौरान बीच में ही सभी विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद बस में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा बेहोश हो गईं।
निर्वाचन आयोग कार्यालय जा रहे विपक्षी सांसदों को सोमवार को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके बाद सभी सांसदों को बस में बैठाया गया। बस में ही टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा बेहोश हो गई। इसके बाद अन्य साथियों ने उनकी देखभाल की और पानी पिलाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। एक वीडियो सांसद सागरिका घोष ने भी सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। जिसमें वह केंद्र की मोदी सरकार और पुलिस पर आरोप लगा रही हैं। हालांकि सभी सांसदों को पुलिस ने दो घंटे के बाद रिहा कर दिया।
विरोध में ग्वालियर में केंद्र सरकार का. पुतला फूका
उधर ग्वालियर में केंद्र सरकार द्वारा कराए जा रहे वोटर वेरिफिकेशन के विरोध में राहुल गांधी एवं अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा केन्द्र सरकार का पुतला दहन किया गया इस अवसर पर विधायक डॉ. सतीश सिकरवार उपस्थित रहे।
30 से अधिक सांसदों को हिरासत में लिया गया
लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा, शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत और तृणमूल कांग्रेस की सागरिका घोष समेत 30 से ज्यादा सांसदों को हिरासत में लेकर संसद मार्ग थाने ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने सिर्फ 30 सांसदों को ही अपने परिसर में प्रवेश की अनुमति दी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी ‘बड़ी संख्या’ में थे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा आयोग के कार्यालय तक विरोध मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
इंडिया गठबंधन में शामिल कई विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन से करीब एक किलोमीटर दूर निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक विरोध मार्च शुरू किया था। लेकिन पुलिस ने सभी को रास्ते में ही रोक लिया था। इस दौरान पुलिस बैरिकेड लगाकर रोके जाने पर कई सांसद सड़क पर ही बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। जबकि इस दौरान महुआ मोइत्रा और कांग्रेस सांसद संजना जाटव व जोथिमणि समेत कई महिला सांसद बैरिकेड पर चढ़ गईं।
What is Mahua Moitra doing? 😳 pic.twitter.com/ht0pKLKfAe
— Ankur Singh (@iAnkurSingh) August 11, 2025