नालंदा 31 मार्च 2026/बिहार में नालंदा ज़िले के शीतला मंदिर में मंगलवार को अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल हुए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए बिहारशरीफ़ के मॉडल हॉस्पिटल के डॉक्टर बिस्वजीत कुमार ने कहा कि मृतकों में अधिकांश महिलाएं हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नालंदा के पास दीपनगर थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर में पूजा के दौरान बड़ा हादसा हुआ.
चश्मदीदों के मुताबिक पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिससे अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
चैत्रम महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी.
समाचार एजेंसी एएनआई ने घटनास्थल का वीडियो जारी किया है जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं दिखाई दे रही हैं और घायलों को एंबुलेंस ले जाती हुई दिखाई दे रही है.