Homeश्रद्धाजंलिश्रद्धाजंलि :छद्म गांधीवाद के इस कलुषित काल में एक सच्चे गांधीवादी के...

श्रद्धाजंलि :छद्म गांधीवाद के इस कलुषित काल में एक सच्चे गांधीवादी के महाप्रयाण से दुखी हुआ मन

    प्रवीण दुबे

हमारे देश में जब बापू के नाम पर दिखावटी गांधीवाद चर्मोत्कर्ष पर है और बापू के चरखे और खादी के सहारे कुछ कथित राजनीतिज्ञ समाजसेवी लेखक पत्रकार व बुद्धिजीवी अपनी खोई जमीन तलाशते नजर आते हैं ऐसे समय डॉ एस एन सुब्बाराव जैसे सौ टंच शुद्ध गांधीवादी का हमारे बीच से चला जाना अंतस मन को झकझोर कर रख देने वाली दुखद घटना है। मेरे जैसे छुटभैये पत्रकार के लिए आदरणीय सुब्बाराव पर कुछ लिखना सूर्य को दीपक दिखाने जैसा है लेकिन जब दिखावटी गांधीवाद छाती पीट रुदाली करता दिखता है तो ऐसे समय एक सच्चे गांधीवादी के चले जाने पर श्रध्दांजलि स्वरूप कुछ न लिखूं तो यह भी ठीक नहीं है।

  वास्तव में बापू की  अहिंसा का संदेश आम जीवन में कितना सार्थक होता है इसको यदि साक्षात रूप में महसूस करना है या देखना है तो डॉ  सुब्बाराव से बेहतर व्यक्तित्व कोई दूसरा नजर नहीं आता। मध्यप्रदेश से हजारों किलोमीटर दूर दक्षिण के बेंगलुरू में जन्म लेने वाले  इस समाजसेवी ने आखिर चम्बल अंचल  को अपनी कर्मस्थली के रूप में क्यों चुना  ? यह विचार करते ही डॉ एस एन सुब्बाराव के अहिंसावादी होने के गांधी जी के संदेश को अपने जीवन में कृतिरुप में चरितार्थ करने की बात स्वतः उजागर हो जाती है।

जिस समय सुब्बाराव ने चम्बल के जौरा को अपना कार्यक्षेत्र चुना उस समय पूरे देश में चम्बल के इस इलाके अर्थात मुरैना ,भिण्ड,और इससे सटे जौरा,शौयपुर आदि का नाम सुनकर पूरा देश थर्रा उठता था। इस इलाके में डाकुओं का आतंक चरम पर था। सैकड़ों की संख्या में सक्रिय बागियों की गैंगे से चम्बलघाटी कंपकपाती थी। इतना ही नहीं यहां का तमाम वनवासी समाज न केवल भयभीत था बल्कि आतंकित भी था। 

सुब्बाराव को लगा कि देश के सामाजिक जीवन में सर्वाधिक हिंसक प्रवृत्ति यदि कहीं नजर आती है तो वह चम्बल का इलाका है। एक सच्चे गांधीवादी के मन को इस सच्चाई ने आप्लावित कर दिया और खुद की चिंता किए बिना उन्होंने जौरा को अपनी कर्मभूमि बना लिया उन्होंने यह भी चिंता नहीं की कि उनके सामने भाषा के साथ कई प्रकार की अन्य समस्याएं आने वाली हैं। 
इसे ही कहते हैं सच्चा गांधीवाद अहिंसा,खादी और दबे कुचलों के प्रति सेवाभाव को हथियार बनाकर उन्होंने मध्यप्रदेश के सुदूरवर्ती चम्बलघाटी के जौरा में खादी आश्रम प्रारंभ करके अपना काम शुरू किया ।
जैसा कि कहा जाता है यदि पवित्र मन और सही उद्देश्य के साथ कोई कार्य किया जाए तो रास्ते के शूल भी फूल बन जाते हैं। सुब्बाराव के सच्चे गांधीवाद और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कार्य की लगन ने चमत्कार किया और लोग उनसे जुड़ते गए। जिस चम्बलघाटी के दुर्दांत डाकुओं के बारे में यह प्रचलित था कि उनकी हिंसक प्रवृति को बदलना किसी के बस की बात नहीं उन डाकुओं के मन पर भी सुब्बाराव के अहिंसा के विचार ने गजब का चमत्कार किया और तमाम डाकू गिरोह को बन्दूक छोड़कर जीवन की मुख्य धारा में लौटने के लिऐ प्रेरित करने में यह गांधीवादी पुजारी सफल हुआ। दिल्ली के गलियारों तक जब यह बात पहुंची की सुब्बाराव जी चम्बलघाटी के 400 से अधिक डाकू गिरोहों को आत्मसमर्पण के लिए राजी कर लिया है तो छद्म गांधीवादियों को सहसा विश्वास नहीं हुआ। 

 डा सुब्बा राव ने 14 अप्रैल 1972 काे गांधी सेवा आश्रम जाैरा में 654 डकैताें का समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण एवं उनकी पत्नी प्रभादेवी के सामने सामूहित आत्मसमर्पण कराया । इनमें से 450 डकैताें ने जाैरा के आश्रम में, जबकि 100 डकैताें ने राजस्थान के धाैलपुर में गांधीजी की तस्वीर के सामने हथियार डालकर समर्पण किया था।

यह थी इस मनीषी के सच्चे गांधीवाद की ताकत जिसे न केवल देश बल्कि विदेशों में भी आश्चर्यजनक प्रसंग के रूप में देखा गया। गांधी को समर्पित सेवा आश्रम की स्थापना ,अहिंसा के सहारे डाकुओं की दुर्दान्तता से कांप रही चम्बलघाटी में शांति के सफल प्रयास, यहां के वनवासियों के बीच तमाम सेवा कार्य व बापू की खादी को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें भारत सरकार ने पदमश्री से सम्मानित किया ।

 

डॉ एसएन सुब्बा राव का पूरा जीवन समाजसेवा काे समर्पित रहा ग्वालियर चंबल संभाग में डा सुब्बा राव साथियाें के बीच भाईजी के नाम से प्रसिद्ध थे। डा सुब्बा राव ने जाैरा में गांधी सेवा आश्रम की नींव रखी थी, जो अब श्योपुर तक गरीब व जरूरतमंदों से लेकर कुपोषित बच्चों के लिए काम कर रहा है। डा सुब्बा राव ने श्याेपुर के त्रिवेणी संगम घाट पर गांधी जी की तेरहवी का आयाेजन शुरू करवाया था। वनवासियों काे मूल विकास की धारा में लाने के लिए वह अपनी टीम के साथ लगातार काम करते रहे है।

आज वे हमारे बीच नहीं रहे विश्वास है उनके द्वारा शुरू किए सेवा कार्य सतत जारी रहेंगे यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शब्दशक्तिन्यूस न्यूज़ की ओर से उन्हें सत सत नमन।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments