प्रवीण दुबे
ग्वालियर 16 जनवरी 2026/एक बार फिर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिखा दिया कि ग्वालियर में उनकी मर्जी के बिना पत्ता भी नहीं हिल सकता वे सब पर भारी हैं। हम जिस मामले की बात कर रहे हैं वो ग्वालियर के कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम से जुड़ा है सबको पता है कि रूपसिंह स्टेडियम और यहां खेले जाने वाले क्रिकेट से सिंधिया को किस हद तक लगाव रहा है यही वजह है कि इस स्टेडियम पर सिंधिया हमेशा अपना प्रभाव कायम रखना चाहते हैं। चूंकि इस स्टेडियम का असल मालिकाना हक नगरनिगम का है और ज्योतिरादित्य सिंधिया की ही तरह उनके पिता स्व माधवराव सिंधिया को भी इस स्टेडियम से लगाव था अतः 1995 में उनके प्रयासों से नगर निगम ने यह स्टेडियम 30 वर्ष के लिए जीडीसीए को दे दिया था।
इसके बाद इस हॉकी स्टेडियम पर हॉक़ी तो प्रतिबंधित कर दी गई और क्रिकेट के लिए इसका विकास करते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम बना दिया गया क्रिकेट के कई अंतर्राष्ट्रीय मैच यहां खेले गए जिसमें सचिन तेंदुलकर की विश्व प्रसिद्ध पारी का मैच भी शामिल था।
इन सबके चलते समय के साथ यह क्रिकेट स्टेडियम पिछड़ता चला गया और बीसीसीआई ने ग्वालियर की जगह इंदौर को मैच देना शुरु कर दिए। इस शून्य को भरने सिंधिया और उनकी किचन केबिनेट से जुड़े लोगों के प्रयासों से शंकरपुर में नया सर्वसुविधा युक्त अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनकर तैयार करा लिया गया।यहां बंगलादेश के साथ मैच भी खेला गया।
उधर रूपसिंह स्टेडियम को नगरनिगम द्वारा जीडीसीए को 30 वर्ष केलिए दिया पट्टा समाप्त हो गया इसको देखते हुए ग्वालियर के तमाम हॉकी प्रेमियों ने जोर शोर से से यह मांग उठाई कि रूप सिंह स्टेडियम को हॉकी सहित अन्य खेलों के लिए खोला जाए तथा इसका अधिपत्य नगरनिगम अपने हाथों में ले।
इतना ही नहीं ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भी यही मांग करते हुए महापौर सहित नगरनिगम को पत्र लिखा। पूर्व सांसद व पूर्व महापौर विवेक शेजवलकर ने भी 28 जून 2025 को ही महापौर को पत्र लिखकर रूपसिंह स्टेडियम की लीज नहीं बढ़ाये जाने की मांग की थी। साफ है शुरुआत से ही पार्टी का यही मत रहा है।

सांसद भारत सिंह कुशवाह द्वारा लिखा वह पत्र जिसमें रूपसिंह स्टेडियम की लीज अवधि नहीं बढ़ाये जाने की बात कही गई थी
लिंक पर क्लिक कर देखें आज परिषद की बैठक में पार्षद संजय सिंघल ने रूपसिंह स्टेडियम की लीज बढ़ाये जाने का कैसे किया विरोध
आज नगरनिगम परिषद की बैठक में रूपसिंह स्टेडियम कको जीडीसीए को पुनः दिए जाने का एजेंडा शामिल किया गया जब यह विषय पटल पर आया तो
पार्षद श्री संजय सिंघल, श्री गिर्राज कंसाना, श्रीमती गीता भूपेन्द्र, श्रीमती अंजली राजू पलैया की आपत्ति दर्ज करते हुए इस स्टेडियम को सभी खेलों हेतु उपयोग किए जाने की बात उठाई। नगरनिगम सभापति ने आपत्तियां तो दर्ज की लेकिन सांसद पूर्व सांसद सहित पार्षद श्री संजय सिंघल, श्री गिर्राज कंसाना, श्रीमती गीता भूपेन्द्र, श्रीमती अंजली राजू पलैया सहित सभी की इच्छाओं को दर किनार करके नगरनिगम ने रूप सिंह स्टेडियम को एक बार फिर 30 वर्ष के लिए ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के नाम कर दिया है।