Homeदेशचंदा मामा की ओर उड़ चला चंद्रयान

चंदा मामा की ओर उड़ चला चंद्रयान

भारत का चंद्रयान-3 का लॉन्च शुक्रवार को सफल रहा. चंद्रयान-3 पांच अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करेगा.

एलवीएम3-एम4 रॉकेट अपनी तरह का सबसे लंबा और भारी रॉकेट है. इसे ‘फैट ब्वॉय’ कहा जाता है.

इसरो के वैज्ञानिक इस मिशन से चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने की तैयारी में हैं. यह इस मिशन का तकनीकी रूप से सबसे चुनौतीपूर्ण काम है.

चंद्रयान-3 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से शुक्रवार दोपहर 2.35 बजे लॉन्च किया गया था.

पीएम मोदी ने कहा- ”चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक शानदार चैप्टर की शुरुआत की है.”

पीएम मोदी ने कहा, ”यह भारत के हर व्यक्ति के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर ले जाते हुए ऊंचाइयों को छू रहा है. यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है. मैं उनके उत्साह और प्रतिभा को सलाम करता हूँ.”

चांद पर कब होगी सॉफ्ट लैंडिंग

इस मिशन की सबसे बड़ी चुनौती चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग है. इसरो के चेयरमैन एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक लॉन्च के बाद पत्रकारों से बात की.

सोमनाथ ने कहा कि यान को एक अगस्त से चंद्रमा की कक्षा में स्थापित करने की योजना बनाई गई है. सॉफ्ट लैंडिंग कराने की योजना 23 अगस्त को शाम पांच बजकर 47 मिनट पर है और अगर यह संभव हो जाता है तो भारत अमेरिका, चीन और सोवियत यूनियन के बाद चांद पर यह कारनामा करने वाला चौथा देश बन जाएगा.

अमेरिका और सोवियत यूनियन का मिशन सफल होने से उनका स्पेसक्राफ्ट कई बार क्रैश हुआ था. अब तक चीन एक मात्र ऐसा देश है जिसने चांग-3 मिशन 2013 के तहत अपने पहले प्रयास में ही सफलता हासिल की थी.

नासा का भी आया बयान

नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने कहा है कि वह चंद्रयान-3 के सुखद यात्रा की कामना करते हैं.

बिल नेल्सन ने एक ट्वीट में कहा, ”चंद्रयान-3 लॉन्च के लिए इसरो को बधाई. हम आपके चांद पर सुरक्षित यात्रा की कामना करते हैं. इस मिशन के वैज्ञानिक परिणामों को लेकर आशान्वित हैं.” बिल नेल्सन के ट्वीट को नासा के ऑफिशियल हैंडल से री-ट्वीट किया गया है.

इसरो को दुनिया भर से मिली बधाई

यूरोपियन स्पेस एजेंसी (इएसए) ने इस मिशन के सफल लॉन्च के लिए इसरो को बधाई दी है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments