ग्वालियर 26 मई 2026/इस वक्त देशभर की तरह मध्यप्रदेश और ग्वालियर अंचल में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। कई जगहों पर हीट-वेव का अलर्ट जारी किया गया है। भीष्ण गर्मी के बीच स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस वक्त तापमान में काफी ज्यादा वृद्धि हो गई है। लोगों को चाहिए कि वे धूप में न निकलें। लोग ज्यादा पैदल चलने की कोशिश न करें।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश में दो दिनों तक हमारे क् लू की स्थिति बनी रहेगी। 28 तारीख के बाद पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के साथ नमी के प्रभाव के कारण, बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की उम्मीद है।उल्लेखनीय है कि इस साल लू वाले दिनों की संख्या पिछले साल की तुलना में काफी ज्यादा है।
नौतपा के दौरान भीषण लू का प्रकोप है। धौलपुर में सड़कें और बाजार सुनसान पड़े हैं, रात का तापमान भी बढ़ रहा है। एक शख्स ने कहा किग्वालियर अंचल में बहुत ज्यादा गर्मी पड़ रही है। 47-48 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच जा रहा है। गर्मी से लोगों की स्थिति काफी गंभीर है।
गर्मी से लोग बेहाल हैं। गर्मी से बेहाल लोगों का कहना है कि “जरा हालात तो देखिए, हम अपने चेहरे रुमाल से ढके हुए हैं, ओआरएस के पैकेट साथ रखते हैं और चलते-फिरते पानी पी रहे हैं। पेड़ों की कमी से और भी ज्यादा परेशानी हो रही है। अगर सड़क के किनारे और पेड़ होते, तो शायद लोगों को इस गर्मी में इतनी तकलीफ नहीं होती।”
भीषण गर्मी व लू से श्रमिकों के बचाव के लिए श्रम विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में श्रम विभाग द्वारा जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों, स्थापना इकाइयों, कारखानों एवं निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को भीषण गर्मी एवं लू से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
प्रभारी सहायक श्रम आयुक्त ने जिले के सभी नियोजकों से अपील की है कि वे कार्यस्थलों पर श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा है कि लगातार बढ़ते तापमान एवं लू की स्थिति को देखते हुए श्रमिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए पर्याप्त छाया की व्यवस्था की जाए तथा स्वच्छ एवं शीतल पेयजल कार्यस्थल के समीप उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार की सुविधा, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रम विभाग ने नियोजकों को सलाह दी है कि कार्य के समय में आवश्यक परिवर्तन करते हुए दोपहर के अत्यधिक गर्म समय में कार्य कराने से बचें, यथासंभव श्रमिकों से प्रातः एवं सायंकालीन समय में कार्य कराया जाए। श्रमिकों को समय-समय पर विश्राम देने तथा अधिक देर तक लगातार धूप में कार्य नहीं कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एडवाइजरी में कहा गया है कि श्रमिक हल्के एवं सूती वस्त्र पहनें, सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। अधिक पसीना, चक्कर आना, कमजोरी, सिरदर्द अथवा उल्टी जैसे लू के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल छायादार स्थान पर विश्राम कर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता ली जाए।
श्रम विभाग ने सभी नियोजकों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए भीषण गर्मी के दौरान श्रमिकों को लू एवं तापघात से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।