नई दिल्ली/भारतीय पायलट अभिनंदन वर्तमान की रिहाई के लिए पाकिस्तान ब्लैकमेलिंग पर उतर आया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि उनका देश अभिनंदन की रिहाई के लिए तैयार है बशर्ते कि भारत बातचीत के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि भारतीय पायलट सुरक्षित है और उसकी रिहाई हो सकती है और पाकिस्तान पहले की तरह सकारात्मक कदम उठाने के लिए तैयार है। जाहिर है कि इससे पाकिस्तान की हताशा जाहिर होती है। वह अभिनंदन के जरिए भारत को ब्लैकमेल करना चाहता है।
कुरैशी ने कहा, ‘भारतीय पायलट सुरक्षित है और हम उसकी रिहाई के बारे में सोच सकते हैं। पाकिस्तान पिछले समय की तरह इस बार भी सकारात्मक कदम उठाने के लिए तैयार है। मैं भारत के लोगों को बताना चाहूंगा कि पाकिस्तान एक जिम्मेदार देश है।’ बता दें कि 27 फरवरी को पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को वापस खदेड़ते समय विंग कमांडर अभिनंदन पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के हाथ लग गए। पाकिस्तानी एफ 16 ने भारतीय वायु सीमा का उल्लंघन करते हुए रक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश की लेकिन वायु सेना की मुस्तैदी के चलते उन्हें वापस भागना पड़ा। इस दौरान भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान एफ-16 को मार गिराया।