इलाहाबाद। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में इस बार भगवा छात्र संगठन एबीवीपी की करारी हार हुई है। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी की साइकिल इस चुनाव में खूब तेजी से दौडी है। उसके छात्र संगठन सपा छात्रसभा ने महामंत्री को छोड अध्यक्ष सहित सभी प्रमुख पदों पर कब्जा कर लिया है।
शनिवार को दिन में हुए मतदान में 45.50 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था। शनिवार को ही वोटों की गिनती शुरू होने के बाद देर रात 1 बजे रिजल्ट की घोषणा हो गई। समाजवादी छात्र सभा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद सहित पांच में से 4 सीटें जीत ली, जबकि एबीवीपी को सिर्फ एक सीट हासिल हुई।
समाजवादी छात्र सभा के अवनीश यादव ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की, साथ ही इसी संगठन के चंद्रशेखर चौधरी ने उपाध्यक्ष पद को हासिल किया। महामंत्री पद के लिए एबीवीपी के निर्भय कुमार द्विवेदी ने संगठन के तरफ से एकमात्र जीत हासिल की है। अध्यक्ष पद पर अवनीश यादव 3226 वोटों के साथ स्वतंत्र उम्मीदवार मृत्युंजय राव परमार को 552 वोटों से हराया, वहीं एबीवीपी की उम्मीदवार प्रियंका को तीसरे स्थान पर रहना पड़ा।