Homeखेलहॉकी में भी भारत ने पीटा पाकिस्तान को

हॉकी में भी भारत ने पीटा पाकिस्तान को

ढाका। भारत और पाकिस्तान का मुकाबला किसी भी खेल में हो, बड़ा ही रोमांचक होता है। फिर     रविवार को मुकाबला तो हॉकी में हो रहा था, जिसका रोमांच कुछ दशक पहले तक इन दोनों टीमों के बीच क्रिकेट के मैच से भी बड़ा होता था। एशिया कप में इस बार जबरदस्त प्रदर्शन कर रही भारतीय हॉकी टीम के सामने पाकिस्तान का पलड़ा कमजोर माना जा रहा था और ग्रुप-ए के इस मुकाबले में रविवार को दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष के बावजूद भारतीय टीम हावी भी दिखाई दी। भारत ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम करते हुए 14 साल बाद पाकिस्तान पर एशिया कप में अपनी पहली जीत हासिल की। ओवरऑल एशिया कप में अब भारत और पाकिस्तान के बीच रिकॉर्ड 2-5 का हो गया है। भारत ने आखिरी बार पाक को 2003 फाइनल में हराया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत को 2009 में हराया था।

भारत के लिए पहला गोल 13वें मिनट में चिंग्लेसाना सिंह ने शानदार फील्ड गोल के जरिए किया। इसके बाद 43वें मिनट पर हरमनप्रीत सिंह के बॉक्स के बाहर से बनाए गए मूव को गोलपोस्ट के कॉर्नर पर रमनदीप ने अंदर की दिशा दिखाकर स्कोर को खूबसूरती से 2-0 कर दिया। इसके बाद 45वें मिनट में हरमहनप्रीत ने एक और खूबसूरत गोल करते हुए गजब कर दिया। तीसरा क्वार्टर खत्म होने तक भारत ने पाकिस्तान पर 3-0 से बढ़त बनाते हुए मैच को अपने पाले में बना रखा था। लेकिन चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान ने पलटवार किया और शुरुआत में ही गोल कर स्कोर 1-3 कर दिया। पाकिस्तान के लिए 48वें मिनट में अपना इकलौता गोल किया। भारत के रमनदीप को बेस्ट गोल स्कोरर, जबकि चिंग्लेसाना सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले मैच के दौरान दोनों ही तरफ की टीमों ने एक-दूसरे पर दबाव बनाते हुए आक्रामक हॉकी खेलने की कोशिश की। इसके चलते मौके भी खूब बने। लेकिन भारतीय गोलकीपरों में सूरज करकेरा ने कई खूबसूरत बचाव करते हुए गोल के करीब पहुंचे पाकिस्तान की बराबरी की कोशिशों को बेकार कर दिया। हालांकि भारत भी पेनल्टी कॉर्नरों का बहुत ज्यादा लाभ नहीं उठा पाया।

पाकिस्तान को तीसरे क्वार्टर में 9 खिलाडिय़ों के साथ ही खेलना पड़ा, जब पहले मुहम्मद रिजवान और उसके दो मिनट बाद ही अबू मोहम्मद को खतरनाक खेल के लिए रेफरी ने येलो कार्ड दिखाकर 5 मिनट का निलंबन देते हुए बेंच पर भेज दिया। लेकिन भारतीय टीम इसका बहुत लाभ नहीं उठा सकी। आकाशदीप ने जरूर तीसरे क्वार्टर के आखिरी में एक चांस बनाया और गोल से कुछ मीटर दूर पर पहुंच गए, लेकिन अपने इस प्रयास को वे गोल में नहीं बदल सके।

बता दें कि इस एशिया कप के ग्रुप-ए में भारत और पाकिस्तान ने अंकतालिका में पहले दोनों स्थान पर चल रहे हैं। भारत ने जहां एकतरफा खेल दिखाते हुए जापान को 5-1 और बांग्लादेश को 7-0 से रौंदा, वहीं पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 7-0 से ही हराया, लेकिन उसे जापान के साथ 2-2 से मैच ड्रॉ खेलकर भारत के पीछे रहना पड़ा। इसके चलते पाकिस्तान के लिए इस मैच को जीतना या ड्रॉ कराना अगले दौर में जाने के लिए बेहद अहम हो गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments