Homeप्रमुख खबरेंमोतियाबिंद ऑपरेशन के दौरान दस मरीजों के आंखों की रोशनी गई

मोतियाबिंद ऑपरेशन के दौरान दस मरीजों के आंखों की रोशनी गई

इंदौर /मोतियाबिंद ऑपरेशनों के दौरान यहां एक निजी अस्पताल में कथित संक्रमण से दस मरीजों की आंखों की रोशनी बाधित होने का मामला सामने आया है। इसके बाद अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर सील कर दिया गया है और मामले की जांच के लिये समिति गठित की गयी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण जड़िया ने शनिवार को बताया कि आठ अगस्त को राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत इंदौर आई हॉस्पिटल में 13 मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन किये गये थे। इनमें से तीन मरीजों को ठीक होने के पश्चात निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। लेकिन शेष 10 मरीजों ने आंखों की रोशनी बाधित होने की शिकायत की है। 

जड़िया ने कहा, “पहली नजर में लगता है कि मोतियाबिंद ऑपरेशनों के दौरान कथित संक्रमण से मरीजों की आंखों की हालत बिगड़ी। संक्रमण के कारणों की जांच की जा रही है। अस्पताल का लाइसेंस निलंबित करने पर विचार किया जा रहा है।” 

बिगड़े मोतियाबिंद ऑपरेशनों के शिकार 10 मरीजों की उम्र 45 से 85 वर्ष के बीच है। इनमें शामिल रामी बाई (50) ने रुआंसे स्वर में कहा, “मुझे कुछ भी दिखायी नहीं दे रहा है।” 

इस बीच, जिलाधिकारी लोकेश कुमार जाटव ने बताया कि निजी अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर सील कर दिया गया है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments