हम सबके जीवन से राजस्व विभाग सीधा जुड़ा है। हर आदमी का कभी न कभी इस विभाग से वास्ता जरूर पड़ता है। राजस्व कार्यालयों को सर्वसुविधायुक्त होना जरूरी है, ताकि लोगों को सुविधाजनक तरीके से बेहतर सेवायें मिल सकें। सरकार द्वारा इसी सोच के साथ ग्वालियर में अत्याधुनिक संयुक्त राजस्व भवन का निर्माण कराया जा रहा है। यह बात केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास एवं खनन मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने लगभग 65 करोड़ 47 लाख की लागत से बनने जा रहे संयुक्त कार्यालय राजस्व भवन के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा-खुशी की बात है कि दीपावली के पुण्य अवसर पर ग्वालियर में संयुक्त राजस्व भवन के रूप में एक और बड़ी सौगात की आधारशिला रखी गई है।
संयुक्त राजस्व भवन का शिलान्यास कार्यक्रम नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह और उच्च शिक्षा व लोक सेवा प्रबंधन मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया की मौजूदगी में आयोजित हुआ। इस अवसर पर महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष श्री राकेश जादौन अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। साथ ही संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, आयुक्त भू-अभिलेख श्री एम के अग्रवाल, कलेक्टर श्री राहुल जैन व नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजदू थे।
*लगभग 21,712 वर्गमीटर में बनेगा भवन*
संयुक्त राजस्व भवन का निर्माण राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के समीप लगभग 21 हजार 712 वर्ग मीटर रकबे में हो रहा है। इसमें से 1180 वर्गमीटर भूमि पर तीन मंजिला आयुक्त कार्यालय, 1180 वर्ग मीटर भूमि पर चार मंहिला राजस्व मण्डल एवं 1700 वर्गमीटर भूमि पर पाँच मंहिला आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय का निर्माण होगा। यह भवन नवम्बर 2019 तक बनकर तैयार होगा।
*केन्द्रीय मंत्री तोमर ने दीपोत्सव पर दी शुभकामनायें व बधाई*
केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने दीपोत्सव के पावन अवसर पर जिलेवासियों को शुभकामनायें एवं बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि दीपोत्सव प्रदेश एवं देश के उत्कर्ष और हर घर घर आंगन में सुख समृद्धि का वाहक बने।
श्री तोमर ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि सभी प्रदेशवासी देश-प्रदेश के चहुँमुखी विकास में सक्रिय भागीदारी करते हुए समृद्धशाली देश के विकास में महती भूमिका निभायें। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन में सभी की भागीदारी की अपील भी की है.