मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में जानकारी देने कलेक्ट्रेट में हैल्पडेस्क स्थापित
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व नाम में संशोधन सहित अन्य जानकारी प्राप्त की जा सकेगी
ग्वालियर 28 अक्टूबर 2026/ मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण से संबंधित सेवाओं की जानकारी देने के लिये ग्वालियर कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय में हैल्प डेस्क स्थापित की गई है। जिसका टेलीफोन नंबर 0751-2446230 व 2426310 है। जिले के नागरिक कार्यालयीन दिवसों में प्रात: 10 बजे से सायंकाल 6 बजे तक इन टेलीफोन नंबरों पर संपर्क कर मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस हैल्पडेस्क के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम में संशोधन व नाम हटाने सहित मतदाता सूची से संबंधित अन्य प्रक्रियाओं के बारे में मार्गदर्शन व जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण – 2027 के दौरान मतदाता सूची में अपने नाम की जाँच अवश्य कर लें। साथ ही पात्र होने पर नाम जुड़वाने या फिर आवश्यक संशोधन के लिये निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन अवश्य करें।
ज्ञात हो भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) के संक्षिप्त पुनरीक्षण – 2027 घोषित किया गया है। जिसके तहत ग्वालियर जिले में भी 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य किया जायेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 2 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन किया जायेगा। कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर 2026 प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 दावे एवं आपत्तियाँ, 28 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का निराकरण एवं 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।