
नई दिल्ली: जामिया नगर (Jamia Nagar) में प्रोटेस्ट के दौरान गोली (Firing) चली है. गोली लगने से एक छात्र घायल हो गया है. पुलिस (Delhi Police) ने गोली चलाने वाले शख्स को हिरासत में ले लिया है. हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली चलाने वाला कौन था.
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ लोग मार्च निकाल रहे थे जिसमें जामिया के छात्र भी शामिल थे. छात्रों का यह मार्च राजघाट तक जाना था. इस बीच एक शख्स हाथ में पिस्टल लहराता हुआ वहां आ पहुंचा. कट्टा लहराते हुए यह शख्स चिल्ला रहा था- मैं हूं राम भक्त गोपाल, आओ तुम्हें देता हूं आजादी
बताया जा रहा है कि यह शख्स पुलिस और मीडिया को धमका रहा था और इसने छात्रों की तरफ भी पिस्टल थाम दी. जानकारी के मुताबिक यह शख्स कह रहा था कि मैं दूंगा सबको आजादी. बताया जा रहा है कि इस युवक के हाथ में एक देसी कट्टा था.
इसी दौरान गोली चल गई जो कि एक छात्र को लग गई. बताया जा रहा है कि घायल छात्र जामिया यूनिवर्सिटी का है. वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वह गोलीबारी की इस घटना की जांच कर रहा है.
दिल्ली पुलिस ने छात्रों को यह मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी थी इसके बाद भी छात्र सड़कों पर उतरे थे. छात्रों का मार्च जैसे ही पुलिस बैरिकैडिंग के पास पहुंचा तभी यह शख्स वहां पहुंच गया. इसके हाथों में पिस्टल थी.
(इनपुट – वरुण भसीन, राजू राज, प्रमोद शर्मा)