अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने पारंपरिक रूप से दीया भी जलाया.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक , इस समारोह में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, सेलिब्रिटी शेफ़ विकास खन्ना, उद्यमी विशाल गोंडल, आईबीएम के सीईओ अरविंद कृष्णा, एफबीआई निदेशक काश पटेल और अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट्स ऑफ़ हेल्थ के निदेशक जय भट्टाचार्य भी मौजूद थे.
समारोह की शुरुआत ओवल ऑफ़िस में ट्रंप के दीया जलाने के साथ हुई. इस छोटे और निजी समारोह में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी भी शामिल हुए.
भारतीय टेक्नोलॉजी उद्यमी विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की. उन्होंने इसकी जानकारी x पर जरिए दी.
डीडी न्यूज़ के मुताबिक , व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा की शुरुआत 2003 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल में हुई थी.
शुरुआती वर्षों में दिवाली से जुड़े कार्यक्रम मुख्य रूप से आइज़नहावर एग्ज़िक्यूटिव ऑफ़िस बिल्डिंग में आयोजित किए जाते थे, जिनमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य और भारतीय राजनयिक शामिल होते थे.
इसके बाद 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने.