नई दिल्ली: चीन समेत दुनिया भर के लिए खतरा बन चुका कोरोना वायरस चिंता का कारण बन गया है. भारत में दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों से कुल 29 केस पॉजिटिव पाए गए हैं. ऐसे में भारत सरकार ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया है. इसी कड़ी में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने छात्रों को विशेष ढील देने का फैसला किया है.
10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होनेवाले छात्रों को CBSE ने सुरक्षा उपकरण पहनने की इजाजत दे दी है. आशंकाओं को देखते हुए CBSE ने मॉस्क और सैनिटाइजर लगाकर परीक्षा हॉल में आने की छात्रों को छूट दी है. CBSE ने बुधवार को एलान किया कि छात्र अगर चाहें तो परीक्षा हॉल में फेस मॉस्क और सैनिटाइजर लगाकर परीक्षा दे सकते हैं. गौरतलब है कि अभिभावकों की तरफ से कोरोना वायरस के मामले सामने आने के बाद CBSE से लगातार जानकारी मांगी जा रही थी.