देश में कोरोनावायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने शनिवार को इस महामारी से निपटने के लिए पीएम-केयर फंड बनाया है। उन्होंने देशवासियों से इसमें दान करने की अपील की। इसके बाद लोग राहत कोष में दान करने लगे। दान करने के साथ ही बहुत से लोग प्रधानमंत्री मोदी को टैग करते हुए इसकी रसीद ट्वीट करने लगे। पीएम ने भी कुछ लोगों के ट्वीट को रिट्वीट किया।
जब एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में 501 रुपये देकर ट्वीट करते हुए इसे “महज एक छोटी रकम” बताया तो प्रधानमंत्री ने उस पर रिट्वीट कर कहा, “कुछ भी छोटा या बड़ा नहीं होता।” मोदी ने कहा, “हर एक योगदान महत्व रखता है। यह कोविड-19 को हराने के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।”