Homeदेशराहत भरी खबर : भारत में कोरोना संक्रमण बढ़ोतरी दर में...

राहत भरी खबर : भारत में कोरोना संक्रमण बढ़ोतरी दर में थोड़ी कमी आई

नई दिल्ली /कोविड के खिलाफ लड़ाई में देश ने लॉकडाउन के 14 दिनों का एक अहम पड़ाव पार कर लिया है। इस दौरान कोविड के मामले 600 से बढ़कर करीब 4,800 तक पहुंचने को हैं, लेकिन मामलों के बढ़ोतरी दर में थोड़ी कमी आई है। लॉकडाउन शुरू होते वक्त संक्रमण की रफ्तार प्रतिदिन 17 फीसदी थी। लेकिन इस बीच यदि तबलीगी जमात के संक्रमण के मामलों को छोड़ दिया जाए तो बढ़ोतरी की दर में भारी कमी आई है।

अब संक्रमण दर आठ फीसदी घटकर नौ फीसदी रह गई है। लेकिन तबलीग के मामलों को शामिल कर लिया जाए तो भी बढ़ोतरी दर 12 फीसदी पर आ गई है। संक्रमण की दर में कमी आना लॉकडाउन का सार्थक होना है। जिन देशों में संक्रमण बढ़ा है, वहां मामले रोजाना 50 से 100 फीसदी की रफ्तार से बढ़े हैं।

वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर जुगल किशोर के अनुसार 14 दिनों के भीतर संक्रमण का चक्र जिस प्रकार से बढ़ता है, उससे बीमारी तेजी से फैलती है और सामुदायिक संक्रमण का भी खतरा पैदा होता है।

अगले हफ्ते संक्रमण में और कमी आ सकती है

मौजूदा आंकड़ों को देखकर लगता है कि इन 14 दिनों के दौरान संक्रमण की दर को तेज होने से रोकने में देश सफल रहा है। बल्कि इसमें कमी आई है। अगले सप्ताह संक्रमण में और कमी आ सकती है।

अब तक 124 की मौत

वहीं, देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते मृतकों का आंकड़ा 124 हो गया है और संक्रमित मरीजों की संख्या 4,789 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार (7 अप्रैल) को शाम छह बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 508 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 13 मरीजों की मौत हुई। देश में 4,312 संक्रमित मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि 352 लोगों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है और एक व्यक्ति विदेश जा चुका है। कुल मामलों में 66 विदेशी नागरिक हैं। मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश में चार, महाराष्ट्र और राजस्थान में तीन-तीन एवं गुजरात, ओडिशा और पंजाब में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments