ग्वालियर 16 जुलाई 2021/ ग्वालियर शहर के विभिन्न बाजारो में इन दिनों कुछ अलग अंदाज के बैनर लगे दिखाई दे रहे हैं। इन बैनर्स पर उन दुकानदारों एवं कारोबारियों के नाम व फोटो प्रदर्शित हैं जो कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन कर समाज के लिये उदाहरण बन रहे हैं। जिला प्रशासन, चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज व कैट सहित शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों द्वारा शहर भर में कोविड अनुकूल व्यवहार को लेकर जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी से प्रेरित होकर दुकानदारों ने कोविड-19 की तीसरी लहर रोकने का बीड़ा उठाया है।
वैश्विक महामारी कोरोना की तीसरी लहर की आहट की खबरें आने लगी हैं। सभी इस बात से भलीभाँति परिचित हैं कि कोविड अनुकूल व्यवहार के पालन से ही तीसरी लहर रोकी जा सकती है। फिर भी बहुत से लोग बिना मास्क लगाए बाजारों में देखे जा सकते हैं। ऐसे लोगों को जागरूक करने के लिये कारोबारी आगे आए हैं। ग्वालियर शहर के बहुत से दुकानदार और कारोबारी कोरोना पर अंकुश लगाने के इस मंत्र (कोविड अनुकूल व्यवहार) को अपनाकर समाज को जागरूक कर रहे हैं।
शहर के विभिन्न बाजारों के ये दुकानदार अपनी दुकान पर तो कोविड अनुकूल व्यवहार का पूरी तरह पालन करा ही रहे हैं, साथ ही अपने ग्राहकों को भी समझा रहे हैं कि यदि हमने कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं किया तो कोरोना की तीसरी लहर की विभीषिका से बच नहीं पायेंगे। व्यापारिक संगठनों द्वारा इन दुकानदारों को सम्मानित कर उनके नाम के बैनर बाजार में प्रदर्शित कराए हैं, जिससे अन्य कारोबारियों को भी प्रेरणा मिल सके।
शहर के इंदरगंज क्षेत्र में स्थित चाचा जनरल स्टोर पर कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन कराया जा रहा है। इसके लिये जनरल स्टोर के संचालक श्री राजीव चढ्ढा को कैट द्वारा सम्मानित किया गया है और उनकी फोटो सहित बैनर प्रदर्शित कराए हैं। श्री राजीव चढ्ढा का कहना है कि कोरोना की पिछली लहर में हमने कई अपने खोए हैं। इसलिए हम सबका नैतिक दायित्व है कि कोरोना गाइडलाइन का खुद पालन करें और दूसरों से भी कराएं। इसी तरह चेम्बर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्रीज द्वारा सर्वश्री गोपाल खण्डेलवल, के के माहेश्वरी, सुनील गोयल, गिर्राज अग्रवाल, अविनाश यादव व मयूर गोयल इत्यादि कारोबारियों के फोटोयुक्त बैनर बाजारों में प्रदर्शित कराए हैं।
कोविड नियमों का पालन करने पर मुरार की सराफा एवं स्वर्णकार समिति ने यहां के कारोबारी श्री महेश कुमार गोयल व श्री मणिचंद जैन, मुरार के खेरीज किराना व्यापार संघ ने मुरार क्षेत्र के बाजारों में किराना व्यापारी श्री ओमप्रकाश अग्रवाल व श्री सचिन ढींगरा के फोटोयुक्त बैनर लगवाए हैं। हजीरा क्षेत्र में कोरोना संकट से निपटने में सराहनीय योगदान देने के लिए श्री राजेश जैन व श्री मनोज गुप्ता, राजीव प्लाजा में श्री मनोज चौरसिया, दाल बाजार में श्री दीपकचंद जैसवानी, पटेलनगर सिटी सेंटर में श्री प्रतीक बत्रा, जयेन्द्रगंज में श्री साकेत आनंद के नाम के बैनर लगे हैं। ये सभी दुकानदार व उनके कर्मचारी हर समय मास्क लगाकर रहते हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर अपने कारोबार को अंजाम देते हैं। साथ ही ग्राहकों को भी इस बात के लिए तैयार करते हैं कि वे मास्क लगाकर ही घर से निकलेंगे
कोरोना की तीसरी लहर को रोकने अब व्यापारियों ने सम्भाला मोर्चा
RELATED ARTICLES