ग्वालियर-चंबल संभाग में बाढ़ की विकराल स्थिति का हवाई सर्वेक्षण करने अबसे कुछ देर बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ग्वालियर पहुंच रहे हैं यहां से वे शिवपुरी और श्योपुर आदि के बाढ़ प्रभावित स्थानों का सर्वेक्षण करने हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। कार्यक्रम के अनुसार वे 11 बजे विशेष विमान से भोपाल से महाराजपुर सिविल एयरपोर्ट ग्वालियर के लिए उड़ेंगे । यहां 11.45 उतरकर दोपहर 12 बजे हेलिकॉप्टर से शिवपुरी रवाना हो जाएंगे। बाढ़ प्रभावित इलाकों का हेलीकॉप्टर से मुआयना करने के बाद मुख्यमंत्री 14.45 पर ग्वालियर लौटेंगे और विमान से भोपाल रवाना हो जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने रात 10.30 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग कर ग्वालियर-चंबल संभाग के कमिश्नर और सभी जिलों के कलेक्टर से बात की। सबसे पहले उन्होंने ग्वालियर संभाग के कमिश्नर आशीष सक्सेना से बात की। सीएम ने संभागीय कमिश्नर से कहा कि वे खुद बुधवार को ग्वालियर आएंगे और उसके बाद वे स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से बात करके शिवपुरी और श्योपुर जिले में हेलीकॉप्टर से दौरा कर बाढ़ग्रस्त इलाकों का जायजा लेंगे।