किसी भी मामले में आमजनों को जागरूक करने के लिए सामाजिक और धार्मिक उत्सवों से बढ़िया दूसरा कोई उपाय नहीं होता। आस्था और सामाजिक सरोकारों के चलते लोग बातें मानते भी हैं। इस समय देश-दुनिया में कोरोना ने सबाके परेशान कर रखा है। अब जबकि यह सबको पता चल गया है कि कोरोना से बचने और उसे हराने का एक ही उपाय है- मास्क और वैक्सीन। इसी को लेकर जागरुकता लाने गुजरात के वडोदरा में रहने वाले मूर्तिकार दक्षेश जांगिड़ ने गणेशोत्सव के लिए नया प्रयोग किया है। उन्होंने गणेशजी की मूर्तियों के जरिये जागरूकता अभियान चलाने की शुरुआत की है। इसमें स्वच्छ भारत का भी संदेश दिया गया है।
10 सितंबर से गणोशोत्सव शुरू होंगे। हालांकि इस बार भी कोरोना महामारी के चलते उतनी धूमधाम नहीं रहेगी। गणेशोत्सव पर इसी महामारी को लेकर लोगों को जागरूक करने वडोदरा के मूर्तिकार दक्षेश जांगिड़ ने यह प्रयोग किया है। उन्होंने गणेश की मूर्ति को वैक्सीन वॉयल(vaccine vial) पर बैठाया है। गणेश के बगल में सिरिंज रखी है और एक हाथ में मास्क है।

दक्षेण जांगिड़ कहते हैं कि गणेशजी प्रयोगधर्मी हैं। हर गणेशोत्सव में उनके नए-नए रूप देखने को मिलते हैं। खासकर, वे हमेशा सम-सामायिक मुद्दों को लेकर आते हैं। इस बार कोरोनाकाल चल रहा है, इसलिए यह प्रयोग किया गया है।