Homeग्वालियर अंचलकलेक्टर ने कहा अगर एक भी वैक्सीनेशन से छूटा तो फांसी पर...

कलेक्टर ने कहा अगर एक भी वैक्सीनेशन से छूटा तो फांसी पर लटका दूंगा

पात्र नागरिकों से की अपील मंगल टीका लगवाकर कोरोना सुरक्षा कवच पहनें

ग्वालियर / ग्वालियर के भितरवार में वैक्सीनेशन को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कर्मचारियों की बैठक लेते हुए कहा कि अगर एक भी वैक्सीनेशन से छूटा तो फांसी पर लटका दूंगा। वैक्सीनेशन टीम सुबह-शाम टीकाकरण करके 100 फीसदी पूरा करे। इसके लिए चाहे वह टीका लगवाने वाले के घर ही क्यों न बैठना पड़े।

उल्लेखनीय है कोरोना टीकाकरण महाअभियान के तहत ग्वालियर जिले में 16 दिसम्बर को 62 हजार पात्र नागरिकों को कोरोना से बचाव के लिये टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिन प्रात: 8 बजे से निर्धारित टीकाकरण केन्द्रों और मोबाइल टीम के जरिए प्रथम व द्वितीय अर्थात वैक्सीन के दोनों डोज लगाए जायेंगे।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि ऐसे लोग जो अब तक कोरोना वैक्सीन का प्रथम डोज नहीं लगवा पाए हैं अथवा जिनका दूसरा डोज ड्यू हो गया है वे टीकाकरण केन्द्र पर पहुंचकर टीका जरूर लगवाएं। वैक्सीन के दोनों डोज लगने के बाद ही कोरोना से बचाव संभव है।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को डबरा एवं भितरवार क्षेत्र में पहुँचकर टीकाकरण महाअभियान के संबंध में टीकाकरण दलों और क्राइसेस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की और टीकाकरण महाअभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कराने के लिये लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया।
उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रोनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों से विशेष तौर पर आग्रह किया है कि वे जन-जन तक यह संदेश पहुँचाएं कि स्वयं, अपने परिवार, गाँव, शहर, प्रदेश व देश को कोरोना महामारी से बचाने के लिये दोनो डोज लगना जरूरी है। उन्होंने सभी समाजों के प्रतिनिधिगण, जन-प्रतिनिधिगण, धर्मगुरू, क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों से भी आग्रह किया है कि जिन लोगों को वैक्सीन का दूसरा डोज़ नहीं लगा है, उन्हें दूसरे डोज का टीका लगवाकर कोविड से सुरक्षित करने में सहयोग प्रदान करें।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments