भाग्यनगर हैदराबाद /राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विविध संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की समन्वय बैठक आज भाग्यनगर में प्रारम्भ हुई. बैठक में सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले सहित विविध संगठनों के 190 कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं.

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध विभिन्न संगठनों के शीर्ष पदाधिकारियों की तीन दिवसीय समन्वय बैठक का बुधवार से यहां आयोजन किया जा रहा है। संघ के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया समन्वय बैठक यहां अन्नोजीगुडा में प्रारंभ हुई , जिसमें आरएसएस से संबद्ध विभिन्न संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी शरीक हैं।
आरएसएस ने 21 दिसंबर को ट्विटर पर कहा था, ‘‘सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे आरएसएस से प्रेरित संगठनों के मुख्य पदाधिकारियों की समन्वय बैठक पांच से सात जनवरी तक भाग्यनगर, तेलंगाना में होगी।’’
संघ की वेबसाइट पर अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख, आरएसएस, सुनील आंबेकर ने कहा है कि यह अखिल भारतीय स्तर की बैठक साल में एक बार होती है। संबद्ध संगठनों की गतिविधियों की समीक्षा के लिए सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, पांच सह-कार्यवाह और संघ के अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक में हिस्सा लेंगे।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा भी हिस्सा लेंगे। इसमें भारतीय मज़दूर संघ के हिरण्यमय पंड्या व श्री बी सुरेंद्रन, विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार व मिलिंद परांडे सहित 36 संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
ये सभी संगठन शिक्षा, अर्थव्यवस्था और अन्य क्षेत्रों में सक्रिय हैं।
बैठक में पर्यावरण, परिवार जागरूकता और सामाजिक समरसता तथा इन क्षेत्रों में समन्वित प्रयासों पर भी विशेष चर्चा की जाएगी।