सांसद श्री शेजवलकर ने किया ग्वालियर पूर्व विधानसभा की पानी की टंकियों को भरने का शुभारंभ, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
ग्वालियर। सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने आज प्रातः जलालपुर स्थित 160 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए तथा सांसद श्री शेजवलकर द्वारा ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की पानी की टंकियों को भरने के कार्य का शुभारंभ बटन दबाकर किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कन्याल, पूर्व पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्री धर्मेंद्र राणा, अपर आयुक्त श्री अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अधीक्षण यंत्री पीएचई श्री आर एल एस मौर्य, नोडल अधिकारी श्री शिशिर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने आज गुरुवार को जलालपुर स्थित 160 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया तथा तिगरा से आज फुल ग्रेविटी के साथ छोड़े गए पानी के ट्रीटमेंट कार्य को देखा और ग्वालियर पूर्व की टंकियों को भरने का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद श्री शेजवलकर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो डीएमए शेष रह गए हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण करें तथा जो कंप्लीट हो गए हैं उनमें से प्रत्येक विधानसभा वार दो- दो डीएमए का अवलोकन कराएं।
इसके साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज के बच्चों को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन कराएं और उन्हें प्रेजेंटेशन के माध्यम से यह दिखाएं कि पानी किस प्रकार से ट्रीटमेंट होकर शहर में सप्लाई किया जाता है। इसके साथ ही अन्य आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का किया अवलोकन
सांसद श्री शेजवलकर ने जलालपुर में ही निर्मित 145 एमएलडी के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया तथा प्लांट की पूरी प्रक्रिया को देखा एवं पानी की क्वालिटी को चेक किया तथा यह निर्देश दिए कि इस पानी का उपयोग पार्क में, डिवाइडर आदि में सिंचाई के लिए तथा सड़क, चौराहे एवं डिवाइडर को धोने के लिए किया जाए।