देश की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा के चेयरपर्सन ने आज ट्विटर पर कंपनी के पुराने दिनों की याद साझा की। उन्होंने साल 1960 में कंपनी के एक विज्ञापन की तस्वीर साझा की और लिखा, ‘वो शानदार पुराने दिन, जब कीमतें सही दिशा में जा रही थीं।’
आनंद महिंद्रा ने लिखा,’एक मित्र ने, जिनका परिवार दशकों से हमारे वाहनों का वितरण कर रहा है, अपने आर्काइव से यह (विज्ञापन की तस्वीर) निकाला है। वो शानदार पुराने दिन… जब कीमतें सही दिशा में जा रही थीं।’ यह विज्ञापन साल 1960 का है।
यह जीप की कीमतों में कमी की जानकारी देने वाला विज्ञापन था। इसके अनुसार कंपनी के ‘विलिस मॉडल सीजे 3बी जीप’ की कीमत में 200 रुपये की कटौती की गई थी। इसकी नई कीमत 12,241 रुपये थी। इस ट्वीट पर अभी तक हजारों की संख्या में लाइक आ चुके हैं।