ग्वालियर / मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी श्रीमती साधना सिंह के साथ भारतीय नव वर्ष गुड़ी पड़वा पर्व पर मुख्यमंत्री निवास में गुड़ी स्थापित की। यह गुड़ी शुभ प्रतीक और विजय पताका के रूप में होती है। गुड़ी पड़वा के दिन घर के द्वार पर गुड़ी स्थापित करने की परंपरा है। महाराष्ट्र में इसका अधिक प्रचलन है। भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में गुड़ी पड़वा से शुभ कार्यों का आरंभ होता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेशवासियों के मंगल की कामना की है।
डॉ. हेडगेवार की जयंती पर किया नमन

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण किया।
डॉ. हेडगेवार बचपन से ही क्रांतिकारी प्रवृत्ति के थे, उन्हें अंग्रेज शासकों से घृणा थी। उन्होंने 1925 में विजयादशमी पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना की। डॉ. हेगडेवार का मत था कि जाति-पाति और छूआ-छूत के भेद के कारण हम असंगठित और दुर्बल हुए। परिणामस्वरूप मुट्ठी भर लुटेरों के हाथों हमें हार खानी पड़ी। गुलामी का अभिशाप सहना पड़ा। राष्ट्र को सुदृढ़ बनाने के साथ समाज को संगठित, अनुशासित और शक्तिशाली बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता थी।