Homeग्वालियर अंचलचंबल का पानी ग्वालियर लाने एकसाथ मिलकर बैठे भाजपा - कांग्रेस के...

चंबल का पानी ग्वालियर लाने एकसाथ मिलकर बैठे भाजपा – कांग्रेस के नेता बनी सहमति

अमृत परियोजना-2 में चंबल से पानी लाने की योजना बनाई जायेगी ,जनप्रतिनिधियों की बैठक में बनी सहमति

ग्वालियर / ग्वालियर शहर में अमृत परियोजना-2 के लिए डीपीआर तैयार की जाना है। इस परियोजना के माध्यम से ग्वालियर शहर में चंबल नदी का पानी लाने की योजना भी शामिल है। योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से गुरूवार को सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चंबल नदी से ग्वालियर में पानी लाने की सैद्धांतिक सहमति भी दी गई।
अमृत परियोजना-2 के लिये आयोजित इस बैठक में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार, विधायक डॉ. सतीश सिकरवार, विधायक श्री प्रवीण पाठक, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल, अधीक्षण यंत्री पीएचई श्री आरएलएस मौर्य, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन एवं नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ ही विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक में यह तय किया गया कि अमृत परियोजना-2 के तहत जो डीपीआर तैयार की जाए उसमें चंबल से ग्वालियर तक पानी लाने की योजना को शामिल किया जाए। वर्ष 2055 को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार हो। अमृत परियोजना के तहत ग्वालियर शहर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पानी की टंकियों और पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा चुका है। तिघरा के अतिरिक्त ग्वालियर में चंबल से पानी लाने के लिये योजना तैयार किया जाना अतिमहत्वपूर्ण है।
क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर में चंबल से पानी लाने के प्रयास कई दिनों से किए जा रहे हैं। अमृत परियोजना के तहत कार्ययोजना तैयार कर इसे अमलीजामा पहनाया जाए। इस बैठक की सहमति के पश्चात नगर निगम की एमआईसी की बैठक में स्वीकृति उपरांत प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा जायेगा।
नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल ने अमृत परियोजना-2 के तहत तैयार किए जाने वाली डीपीआर के संबंध में प्रजेण्टेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से लगभग 926 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्राप्त हो सकती है। इसके लिये डिटेल रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस योजना के माध्यम से न केवल चंबल नदी से पानी लाने की योजना शामिल है बल्कि पेयजल एवं पार्क निर्माण के भी काम शामिल होंगे। चंबल नदी से ग्वालियर पानी लाने की जो योजना तैयार की जायेगी उसमें 150 एमएलडी पानी चंबल से ग्वालियर लाने की व्यवस्था होगी।
बैठक में विधायक श्री प्रवीण पाठक ने कहा कि अमृत परियोजना के तहत जो धनराशि ग्वालियर को मिलने वाली है उससे विकास के कार्य किए जाएँ। चंबल नदी से पानी लाने की योजना के लिये धनराशि केन्द्र सरकार अथवा प्रदेश सरकार से प्राप्त करने के प्रयास भी किए जाना चाहिए। इसके साथ ही योजना को लागू होने के पश्चात जो वित्तीय भार आयेगा उसके संबंध में भी विस्तार से परीक्षण किया जाना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments