आज नामीबिया से आए 8 चीतों ने भारत की धरती पर पहला कदम रखा। कूनो नेशनल पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बॉक्स खोलकर तीन चीतों को क्वारंटीन बाड़े में छोड़ा। PM मोदी ने चीते भेजने के लिए नामीबिया का आभार माना।

उन्होंने चीता मित्रों से कहा- कूनो में चीता जब फिर से दौड़ेगा, तो यहां बायोडायवर्सिटी बढ़ेगी। यहां विकास की संभावनाएं जन्म लेंगी। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। PM ने लोगों से अपील की कि अभी धैर्य रखें, चीतों को देखने नहीं आएं। ये चीते मेहमान बनकर आए हैं। इस क्षेत्र से अनजान हैं। कूनो को ये अपना घर बना पाएं, इसके लिए इनको सहयोग देना है।

कूनो में प्रधानमंत्री के लिए 10 फीट ऊंचा प्लेटफॉर्मनुमा मंच बनाया गया था। इसी मंच के नीचे पिंजरे में चीते थे। PM ने लीवर के जरिए बॉक्स को खोला। चीते बाहर आते ही अनजान जंगल और अपने नए घर में सकपकाए। सहमते कदमों के साथ इधर-उधर नजरें घुमाईं और चहलकदमी करने लगे। लंबे सफर की थकान साफ दिख रही थी।

चीतों के बाहर आते ही PM मोदी ने ताली बजाकर उन चीतों का स्वागत किया। मोदी ने कुछ फोटो भी क्लिक किए। 500 मीटर चलकर मोदी मंच पर पहुंचे थे। उनके साथ राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी थे। उन्होंने चीता मित्र दल के सदस्यों से भी बात की। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है।

शनिवार सुबह 7.55 बजे नामीबिया से स्पेशल चार्टर्ड कारगो फ्लाइट 8 चीतों को भारत लेकर आई। 24 लोगों की टीम के साथ चीते ग्वालियर एयरबेस पर उतरे। यहां उनका रुटीन चेकअप हुआ। चीतों के साथ नामीबिया के वेटरनरी डॉक्टर एना बस्टो भी आए हैं। नामीबिया से चीतों को खास तरह के पिंजरों में लाया गया। लकड़ी के बने इन पिंजरों में हवा के लिए कई गोलाकार छेद किए गए हैं। ग्वालियर एयरबेस से चिनूक हेलिकॉप्टर के जरिए चीतों को कूनो नेशनल पार्क लाया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का ग्वालियर विमानतल पर आत्मीय स्वागत राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने की अगवानी
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वायुसेना के विमान से शनिवार 17 सितम्बर 2022 को प्रात: लगभग 10 बजे वायुसेना के हवाई अड्डे पर ग्वालियर पधारे। विमानतल पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र, जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमल माखीजानी ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
विमानतल पर मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस, डीजीपी श्री सुधीर कुमार सक्सेना, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कुछ देर रूकने के पश्चात हैलीकॉप्टर द्वारा श्योपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने हेतु रवाना हुए।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैस और डीजीपी श्री सुधीर कुमार सक्सेना भी रवाना हुए।