Homeप्रमुख खबरेंसमरस, समृद्ध, निर्दोष और श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए हों संकल्पित: विस्पुते

समरस, समृद्ध, निर्दोष और श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए हों संकल्पित: विस्पुते

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग का शारीरिक प्रकट कार्यक्रम आयोजित
ग्वालियर/ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते ने कहा कि जब समाज जागरुक होगा तभी भारत पुन: परम वैभव के शिखर पर स्थापित होगा। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि वह समरस, समृद्ध, निर्दोष और श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए संकल्पित हों।

श्री विस्पुते रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग के शारीरिक प्रकट उत्सव कार्यक्रम को मुख्य वक्ता की आसंदी से संबोधित कर रहे थे। महाराणा प्रताप कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीसीटी) में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ग्वालियर के सेवानिवृत्त निदेशक डॉ.डीके दुबे थे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग के संघचालक विजय गुप्ता भी मंचासीन थे। इस अवसर पर सैकड़ों स्वयंसेवकों ने शारीरिक अभ्यास का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। अतिथियों का परिचय संघ के ग्वालियर विभाग कार्यवाह देवेन्द्र गुर्जर ने दिया।
मुख्य वक्ता श्री विस्पुते ने कहा कि देश में एकता नहीं होने की वजह से ही हमारे ऊपर विदेशी आक्रांताओं ने शासन किया था। हिंदू समाज को संगठित करने के लिए ही डॉ. हेडगेवार  ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 98 वर्ष पहले की थी। उन्होंने कहा कि जब तक समाज जागरुक होकर संगठित नहीं होगा तब तक देश का चहुंमुखी विकास संभव नहीं है। समाज अनुशासन युक्त हो, कदम से कदम मिलाकर चले इसी भाव को संघ की शाखाओं द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। आज खुशी की बात है कि देश में अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में अनुकूल वातावरण बना है। लोग भी अब संघ के कार्यों की प्रशंसा कर रहे हैं,

लेकिन हमें इस तारीफ से आत्ममुग्ध नहीं होना है। हमें सतत समाज के दोषों को दूर करने के लिए प्रयासरत रहना है। जिस तरह हनुमान जी को अपनी शक्ति का अहसास नहीं था, उसी तरह जामवंत की तरह हमें भूमिका निभानी चाहिए। हमें अपने हिंदू और सनातन धर्म के गौरव को याद कर वसुधैव कुटंबकम् और सर्वे भवंतु सुखिन: सर्वे संतु निरामया को लेकर पूरे विश्व का नेतृत्व करने के लिए अग्रसर होना चाहिए।

अपनी बस्ती और शहर को बनाएं स्वच्छ
संघ के मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक श्री विस्पुते ने कहा कि हमें जागरुक नागरिक बनकर अपनी बस्ती, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देना चाहिए। अगर हमारी बस्ती में जल का अपव्यय और दिन में स्ट्रीट लाइट जल रही है तो उसे बंद करवाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि बिना समाज के सहयोग के कोई भी शहर स्वच्छ नहीं रह सकता है।
सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के लिए करें काम: दुबे
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ.दुबे ने युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि वह सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि अगर आप सफल होना चाहते हैं तो अपनी विचार शक्ति को विकसित करें। उन्होंने कहा कि विचारों की पवित्रता और दोष रहित होने से ही मानवता का कल्याण हो सकेगा। श्री दुबे ने उदाहरण देते हुए कहा कि कोई भी कार्य छोटा-बड़ा नहीं होता है। राम सेतु के निर्माण में गिलहरी का उद्धरण देते हुए उन्होंने कहा कि हमें भी अपनी शक्ति के अनुसार समाज और देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।
सैकड़ों स्वयंसेवकों ने किया प्रदर्शन

शारीरिक प्रकट उत्सव कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने शाखा में प्रतिदिन चलने वाले शारीरिक अभ्यास का प्रदर्शन किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने समता, मलखंब, नियुद्ध, दंड संचालन, दंड योग, व्यायाम योग आदि की मनोहारी प्रस्तुति दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments