देशभर में होली के त्यौहार की खुशियां व रंग गुलाल की फुहार देखी जा रही है ।इसी के चलते सोमवार को देश के तमाम स्थानों पर देर रात तक होलिका दहन जारी रहा उधर दूसरी ओर अनेक जगहों पर आज भी होली जलाई जाएगी। होलिका दहन के बाद देशवासियों ने एक दूसरे को रंग अबीर से सराबोर कर होली की शुभकामनाएं दी । यह क्रम लगातार जारी है पूरे देश के धार्मिक स्थलों पर भी भक्तों में होली की मस्ती छाई है। भक्त भगवान को गुलाल लगा रहे हैं।
महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में मंगलवार सुबह भस्मारती में महाकाल को गुलाल चढ़ाया गया, भक्तों ने यहां बाबा महाकाल के साथ होली खेली। महाकाल मंदिर परिसर रंगों से सराबोर हो गया। सोमवार को महाकाल मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका दहन किया गया था। महाकाल मंदिर में हर त्योहार सबसे पहले मनाया जाता है, इसके बाद शहरवासी इसे मनाते हैं। इस बार होली पर्व दो दिन मनाया जा रहा है, शहर में कुछ स्थानों पर सोमवार को होलिका दहन हुआ तो बाकी स्थानों पर आज होलिका दहन होगा और बुधवार को धुलेंडी मनाई जाएगी। आज उज्जैन के सिंहपुरी में 5100 कंड़ों की इको फ्रेंडली होली जलाई जाएगी।
ग्वालियर के अचलेश्वर महादेव मंदिर पर भी सोमवार को भक्तों ने भगवान को जमकर गुलाल लगाया सोमवार को सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखी गई।