प्रवीण दुबे
ग्वालियर / छह वर्ष पूर्व जिस सोशल मीडिया के सहारे सार्वजनिक रूप से बढ़ते भ्रष्टाचार लचर स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाने के कारण भाजपा ने वरिष्ठ पार्टी नेता राज चड्डा को निलंबित कर दिया था आज उसी सोशल मीडिया के सहारे अपनी उपयोगिता को सिद्ध करने में कामयाब रहे राज चड्डा को अंततः पार्टी नेतृत्व ने निलंबन समाप्त कर उन्हे पुनः पार्टी में वापस लेने की घोषणा कर दी है।
अपना निलंबन समाप्त होने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता व पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राज चड्डा नेशब्दशक्ति न्यूज से चर्चा करते हुए पार्टी को धन्यवाद ज्ञापित किया। यह पूछे जाने पर कि अपना निलंबन समाप्त किए जाने के बाद आप की क्या प्रतिक्रिया है ? इस सवाल के जवाब में श्री चड्डा ने कहा कि उन्होंने कभी भी पार्टी के खिलाफ अथवा विरोध में कार्य नहीं किया उन्होने कहा कि पार्टी ने भी कभी उन्हें न तो कोई नोटिस दिया और न ही निलंबन संबंधी कोई पत्र ही जारी किया गया । श्री चड्डा ने कहा कि उन्होंने कभी खुद को पार्टी से अलग नहीं माना और कोई छमायचना भी नहीं की।
उल्लेखनीय है कि 2017 में राज चड्डा ने मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार लचर स्वास्थ्य सेवाएं जैसे विषय अपनी फेसबुक वॉल पर उठाते हुए मुख्यमंत्री को लिखा था कि या तो इन्हे ठीक करिए या हम जैसे कार्यकर्ता को जो दीनदयाल जी के सपनों को पूरा करने के लिए अपना जीवन खपा चुके हैं बाहर कर दीजिए। इसके बाद श्री चड्डा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था।
महत्वपूर्ण बात यह है कि श्री चड्डा ने पार्टी से निलंबित होने के बाद उसी सोशल मीडिया को अपना हथियार बनाया और उसपर गजब की सक्रियता दिखाते हुए ना केवल सरकार के तमाम असहमति पूर्ण कार्यों पर जमकर कटाक्ष किए साथ ही पार्टी की तमाम पुरानी रीति नीति को श्री चड्डा समय-समय पर उठाते रहे अभी पिछले कुछ दिनों से राज चड्डा ने जहां अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पार्टी की पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए श्रृंखलाबद्ध लेखन प्रारंभ किया वहीं सांची कहो जैसे कॉलम के सहारे कटाक्ष करना भी जारी रखा ।
राज चड्डा द्वारा प्रस्तुत स्मृति पटल और सांची कहो जैसे स्तंभों को पढ़ने वालों और उसके फालोअर की संख्या हजारों में जा पहुंचने के साथ अपने स्वयंसेवी संगठन के माध्यम से तमाम सामाजिक कार्यों में जबरदस्त सक्रियता और सोशल मीडिया पर मिल रहे जनसमर्थन ने भाजपा के नीतिनिर्धारकों के लिए समस्या खड़ी कर दी और अंततः पार्टी ने आज उनका निलंबन वापस ले लिया।
इसी तारतम्य को लेकर मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित कार्यालय में गुरुवार को बीजेपी अनुशासन समिति की बैठक हुई। इस दौरान अनुशासन समिति ने कई नेताओं के निष्कासन और निलंबन समाप्त कर दिए। वहीं चार नेताओं की घर वापसी हुई।
इन नेताओं की हुई वापसी
राज चड्ढा, पूर्व जिला अध्यक्ष ग्वालियरसत्यमणि पांडे, वरिष्ठ नेता रीवाथान सिंह भदोरिया, भिंडसुदीप सिंह भदोरिया, वरिष्ठ नेता, भिंड
ये नेता रहे बैठक में मौजूद
बीजेपी अनुशासन समिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, समिति अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, विधायक देवीलाल धाकड़, उज्जैन के पूर्व विकास प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल और महामंत्री भगवान दास सबनानी मौजूद रहे।