Homeग्वालियर अंचलत्याग, कर्मठता व परोपकार की मिशाल थे स्व. पातीराम जी

त्याग, कर्मठता व परोपकार की मिशाल थे स्व. पातीराम जी

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी स्व. श्री पातीराम जैन की २३वीं पुण्यतिथि पर आयोजित हुई स्मृति सभा एवं श्रमवीर सम्मान समारोह

ग्वालियर / वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रखर समाजसेवी एवं ग्वालियर निगम एवं जीडीए में विभिन्न पदों पर रहते हुए महानगर के विकास में चतुर्दिक योगदान देने वाले स्व. श्री पातीराम जी जैन की २३वीं पुण्यतिथि पर आज बुधवार को भाजपा मुख्यालय, मुखर्जी भवन पर स्मृति सभा एवं श्रमवीर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, ग्वालियर निगम के पूर्व सभापतिद्वय सर्वश्री बृजेन्द्र सिंह जादौन लालजी, गंगाराम बघेले, मप्र बांस बोर्ड के चेयरमैन श्री घनश्याम पिरौनियां एवं मप्र चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने स्व. श्री पातीराम जी के कर्मठ, जीवट एवं प्रेरनामयी व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला एवं उनकी अनुकरणीय स्मृतियां साझा की।
मुख्य वक्ता सांसद श्री शेजवलकर ने अपने उदबोधन में कहा कि आज हम भाजपा का जो विहंगम स्वरूप देख रहे हैं, वह श्री पातीराम जी जैन जैसे तपस्वियों के त्याग एवं बलिदान का ही प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में बिना काम के एवं निजहित के प्रयोजन के बिना एक दूसरे से मिलने का रिवाज ही खत्म हो गया है लेकिन स्व पातीराम जी बिना किसी हित की आकांक्षा के अपनी पार्टी के देव दुर्लभ कार्यकर्ताओं से मिलने, उनकी कुशल क्षेम जानने के लिए पहुँच जाते थे। गहन दायित्व संभालने के बावजूद वे अपने कार्यकर्ताओं व शाहरवासीयों के लिए सर्वसुलभ, सहज, सरल थे।
भाजपा के जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने कहा कि स्व. श्री पातीराम जी उस दौर के नेता थे, जब पार्टी विपक्ष में रहकर संघर्ष कर रही थी, हालांकि उन्होंने अपने जीवनकाल में ९० से ९२ के बीच प्रदेश की पहली भाजपा सरकार का सुनहरा दौर भी देखा लेकिन उस समय का उपयोग उन्होंने कार्यकर्ताओं को ताकत देने व ग्वालियर के विकास के लिए नई-नई योजनाएं बनाकर उन्हें क्रियान्वित करने में किया। पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने एक कविता की पंक्तियाँ सुनाते हुए स्व. श्री जैन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा – जो अपने लिए जिए तो क्या जिए, जो जिए हजारों के लिए, वो जिए। समीक्षा गुप्ता ने अपने श्वसुर श्री नरेश गुप्ता के साथ स्व. श्री पातीराम जी के आत्मीय संबन्धों का स्मरण करते हुए कहा कि उन्हें सदैव चाचा का वात्सल्यपूर्ण स्नेह मिलता रहा। पूर्व सभापति लालजी जादौन ने बताया कि स्व. पातीराम जी जब केंसर हॉस्पिटल में भर्ती थे, वे अपना बैड छोड़कर पहाडी से नीचे उतरकर पार्टी के बीमार कार्यकर्ताओं से मिलने पहुँच जाते थे, ऐसा लगता है कि हर तरफ वह परमार्थी विशिष्ट पीढी विलुप्त होती जा रही है। ग्वालियर निगम के पूर्व सभापति गंगाराम बघेल स्व. श्री पातीराम जी की सुमधुर यादों का स्मरण करते समय भावुक हो गए।
मप्र बांस बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक श्री घनश्याम पिरौनियां ने स्व. श्री पातीराम जी के पार्टी के प्रति त्याग, बलिदान व संकट के समय रणनीति बनाकर चुनौतियों पर पार्टी को विजय दिलाने की सिद्धहस्तता से जुड़े तमाम रहस्योदघाटन किए। उन्होंने बताया कि ९४ के निगम चुनाव में जब कांग्रेस के नेता भाजपा की पार्षद अरुणा सैन्या को अपने खेमे में लाकर भाजपा से महापौरी छीनने की साजिशें रच रहे थे, उस वक्त स्व. पातीराम जी ने पार्टी के साथ व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास कर सैन्या को पार्टी में रोके रखा, इस तरह देश की पहली दलित महिला महापौर निर्वाचित करने का श्रेय ग्वालियर भाजपा को स्व. पातीराम जी जैसे नेताओं की ही बदौलत हासिल हुआ।
सभी अतिथिगण ने स्व. श्री पातीराम जी जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्र्द्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजन के संयोजक एवं मदद संस्था के अध्यक्ष श्री निर्मल कुमार जैन ने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए विगत २३ वर्ष से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम की २३ वर्ष की यात्रा को शब्दांकित किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक जोशी, मधुसूदन भदौरिया, पारस जैन, पूर्व पार्षद घनश्याम दास गुप्ता, अशोक गेंडा, कांग्रेस नेता हेमन्त शर्मा, अचलेश्वर न्यास के अध्यक्ष हरीदास अग्रवाल, लोहा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष संजय कट्ठल, स्वदेश के संचालक यशोवर्धन जैन, अशोक बांदिल, कुशलचंद्र जैन काँटेवाले, नरेंद्र मंगल, बदनसिंह कौरव, संजय चुग, नरेंद्र छिरौल्या, आदेश गुप्ता, महेंद्र जैन मोहना, धर्मेंद्र शर्मा एड., विकास गोयल, पवन गणफुले, कमल जैन, राकेश जैन, अशोक गेंडा, जगदीश खरया, दिनेश रुस्तगी आदि विशिष्टजनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन मदद संस्था के अध्यक्ष श्री निर्मल कुमार जैन ने किया।

इन मिस्त्री-मजदूरों का किया गया सम्मान

सदैव मजदूर वर्ग के हितैषी रहे स्व. श्री पातीराम जी जैन की पुण्य स्मृति में इस अवसर पर श्रमवीर सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ। पूर्ण ईमानदारी एवं दायित्व के साथ कर्मपथ पर चलकर मेहनत, मजदूरी करते हुए श्रमसेवा कर रहे श्रमवीरों को अतिथिगण ने इस वर्ष के श्रमवीर सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मानित होने वालों में पैकेजिंग का कार्य करने वालीं श्रीमती मीरा आर्य, श्रीमती रानी खेरिया, कम्प्यूटर ऑपरेटर ललित लाक्ष्यकार, इलेक्ट्रीशियन व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विजय माहोर, स्वच्छता कर्मी आनंद करोसिया, मिस्त्री ग्यासीराम कुशवाह शामिल थे। विगत २३ वर्षों से मदद संस्था द्वारा अनवरत आयोजित किए जा रहे इस आयोजन में अभी तक १०५ श्रमवीर सम्मानित किए जा चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments