Homeत्वरित टिप्पणीयह तो ठीक नहीं महामहिम राष्ट्रपति जी

यह तो ठीक नहीं महामहिम राष्ट्रपति जी

 

प्रवीण दुबे

किसी भी शहर में महामहिम का आना उसके लिए बेहद गर्व की बात है उनका पलक पांवड़े बिछाकर स्वागत करना हमारी मेहमान नवाजी का हिस्सा है और इससे किसी को कोई आपत्ति भी नहीं होना चाहिए,महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी। मुर्मू का 13 जुलाई को संगीत,कला , शिक्षा की ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में आगमन होने जा रहा है। वही ग्वालियर जहां 1857 के स्वतंत्रता समर की महानायिका वीरांगना लक्ष्मीबाई ने शोर्य पराक्रम और देशभक्ति का ऐसा इतिहास रचा जो युगों युगों तक हमारी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा , लक्ष्मीबाई ने इसी ग्वालियर की धरती पर अंग्रेजों से लड़ते हुए अपने प्राणोत्सर्ग कर दिए थे। उनकी बलिदान स्थली पर प्रज्वलित ज्योति हमें सदेव उनके राष्ट्र के लिए मर मिटने के संदेश को प्रचारित करती है और हम सभी का माथा सहसा यहां श्रद्धा से झुक जाता है।

उसी ग्वालियर की पावन धरा पर राष्ट्रपति का आगमन होना और वीरांगना की समाधि को नजर अंदाज करना बेहद आश्चर्यजनक घटनाक्रम कहा जा सकता है । जिला प्रशासन द्वारा महामहिम का जो विधिवत कार्यक्रम जारी किया गया है उसके अनुसार  राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु 13 जुलाई को प्रात: 11.35 बजे वायु मार्ग द्वारा एयर फोर्स स्टेशन महाराजपुरा पहुँचेंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु यहाँ से महाराजा जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जयविलास पैलेस जायेंगीं। जयविलास पैलेस में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु महाराजा जीवाजीराव सिंधिया की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन करने के बाद म्यूजियम की लाइनेज गैलरी, मराठा गैलरी, इंडस्ट्रीयल गैलरी व प्रदर्शनी सहित दरबार हॉल इत्यादि का अवलोकन करेंगीं।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु अपरान्ह 2.40 बजे गोले का मंदिर मुरैना लिंक रोड़ पर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (ट्रिपल आईटीएम) पहुँचेंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु यहाँ पहुँचने के बाद स्लम एरियाज (मलिन बस्तियों) के 10 बच्चों को ट्रिपल आईटीएम के स्टूडेंट ज्ञान मूमेंट के तहत पुस्तकें भेंट करेंगीं। इसी कड़ी में ट्रिपल आईटीएम के बॉयज हॉस्टल की आधारशिला रखेंगीं।
इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ट्रिपल आईटीएम के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद सायंकाल 4.40 बजे ट्रिपल आईटीएम से एयर फोर्स स्टेशन महाराजपुरा के लिये रवाना होंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु सायंकाल लगभग 5 बजे एयर फोर्स स्टेशन से विमान द्वारा जयपुर के लिये प्रस्थान करेंगीं।

जिस प्रकार की जानकारी पिछले एक माह से सामने आ रही थी उसके अनुसार राष्ट्रपति का ग्वालियर प्रवास ट्रिपल आईटीएम के समारोह के लिए ही तय था लेकिन दो दिन पूर्व केंद्रीयमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के विशेष आग्रह पर इसमें जयविलास पैलेस के भ्रमण को भी जोड़ दिया गया साफ है राष्ट्रपति भवन ने इसको अपनी सहमति प्रदान की तभी इसे विधिवत हरी झंडी दी गई।
अब बड़ा सवाल यह है कि जयविलास पैलेस से कुछ ही दूरी पर वीरांगना की बलिदान स्थली भी स्थापित है वह समाधि स्थित है जहां वीरांगना ने अंग्रेजों से लड़ते हुए अपने प्राण दे दिए थे, क्या राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के कार्यक्रम में उस स्थान पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के कार्यक्रम को नहीं जोड़ा जाना चाहिए था ? क्या इस बात को लेकर राष्ट्रपति भवन को स्थानीय कर्ता धर्ताओं ने अंधेरे में रखा ?  अभी भी समय है इस गलती को सुधारे जाने का , जिस समय राष्ट्रपति जयविलास पहुंचने वाली हैं उससे पहले उसी रास्ते पर कुछ ही दूरी पहले स्थित वीरांगना की समाधि पर श्रद्धांजलि का कार्यक्रम तय किया जा सकता है भले ही यह थोड़ा कठिन कार्य जरूर है लेकिन यह एक वीरांगना की शहादत को नमन किए जाने से जुड़ा विषय है इस कारण जरूरी भी है। पूरे देश में इसका एक अच्छा संदेश जाने वाला है।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments