Homeग्वालियर अंचलशुक्रवार को पहली बार ग्वालियर के संघ कार्यालय जाएंगे सिंधिया

शुक्रवार को पहली बार ग्वालियर के संघ कार्यालय जाएंगे सिंधिया

 प्रवीण दुबे
ग्वालियर / केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया 28 व 29 जुलाई को ग्वालियर जिले के प्रवास पर रहेंगे। उनके प्रवास की एक महत्वपूर्ण बात यह है कि इस दौरान वे पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नई सड़क स्थित कार्यालय भी जाएंगे। वे संघ कार्यालय क्यों जा रहे हैं ? इस बात की विधिवत जानकारी उनके प्रेस को जारी कार्यक्रम में नहीं दी गई है। इतना जरूर बताया गया है कि वे यहां 9.10 बजे पहुंचेंगे और आगामी कार्यक्रम जो कि 9.25 बजे है के लिए रवाना हो जाएंगे इसके मुताबिक श्री सिंधिया यहां 15 मिनट का समय गुजारेंगे।
उधर सूत्रों का कहना है कि श्री सिंधिया ग्वालियर संघ कार्यालय में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री वरिष्ठ प्रचारक श्रीधर पराड़कर से मुलाकात के लिए यहां पहुंचने वाले हैं। सूत्रों का कहना है  ग्वालियर में आयोजित किए गए हिंदी भवन भूमि पूजन व साहित्य सम्मेलन के अवसर पर श्री सिंधिया की श्री पराड़कर से मुलाकात हुई थी उस समय ही ग्वालियर संघ कार्यालय में मेल मिलाप का कार्यक्रम तय हुआ था। उल्लेखनीय है कि श्री सिंधिया पूर्व में भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नागपुर स्थित मुख्यालय तथा भोपाल संघ कार्यालय जा चुके हैं वे संघ के प्रांत कार्यवाह यशवंत इंदापुरकर के हरीशंकर पुरम निवास पर भी मिलने जा चुके हैं उल्लेखनीय है कि श्री इंदापुरकार के पिताजी स्व माधव शंकर इंदापुरकर भी संघ से जुड़े थे और राजमाता विजया राजे सिंधिया से उनका आत्मीय संपर्क था। राजमाता का भी आरएसएस से बहुत लगाव था और वे विश्व हिंदू परिषद से जुड़ी हुईं थीं। उन्होंने संघ के विद्याभारती द्वारा संचालित स्वरस्वती शिशुमंदिर योजना के लिए नदी गेट और महाराज बाड़ा पर बड़ी इमारत प्रदान की थी।
उधर ज्योतिरादित्य सिंधिया के विधानसभा चुनाव की तेज सरगर्मियों के बीच संघ कार्यालय जाने के राजनीतिक निहितार्थ भी लगाए जा रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर पार्टी से जुड़े कुछ नेताओं का मानना है कि श्री सिंधिया का अचानक यूं संघ कार्यालय जाने के पीछे अपने राजनीतिक हित जुड़े हैं हालांकि इनका यह भी मानना है कि संघ के ऊपर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला वो तो अपने पहले से तय एजेंडे पर ही कार्य करता है।
  सिंधिया विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया 28 जुलाई को प्रात: लगभग 9.10 बजे नई सड़क स्थित संघ कार्यालय पहुँचेंगे। इसके बाद प्रात: 9.25 बजे हनुमान घाटी शिंदे की छावनी और प्रात: 9.45 बजे पुरानी पुलिस चौकी के समीप स्थित जगतपुरा नं. – 1 लधेड़ी में स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। श्री सिंधिया प्रात: लगभग 10 बजे शीतला माता रोड़ होते हुए ग्राम अमरौल के लिये रवाना होंगे। अमरौल में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया प्रात: 11.35 बजे घाटीगाँव पहुँचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया 28 जुलाई को दोपहर लगभग 2 बजे शीलनगर चंदनराय वाटिका में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद अपरान्ह लगभग 3.30 बजे द्वारिकाधीश मंदिर के पास कुम्हरपुरा पहुँचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री सिंधिया अपरान्ह 5 बजे बाल भवन, सायंकाल 6.35 बजे चेम्बर ऑफ कॉमर्स व रात्रि 8 बजे बाड़ा पर आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
ग्वालियर प्रवास के दौरान केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया 29 जुलाई को प्रात: लगभग 10.45 बजे महावीर कम्पू, दोपहर लगभग 12.30 बजे ग्राण्ड पैलेस मेला ग्राउण्ड व दोपहर 2 बजे बंधन वाटिका चेतकपुरी में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। श्री सिंधिया अपरान्ह लगभग 4 बजे रेलवे स्टेशन पहुँचकर गतिमान एक्सप्रेस द्वारा देश की राजधानी, नई दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगे।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments