राहुल के अधिकृत फ़ेसबुक पेज पर सरसंघचालक मोहनराव भागवत के नाम से एक झूठ चलाया है कि संघ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को संविधान ने दिया आरक्षण समाप्त करना चाहता है।
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार अपने अंतिम दौर में पहुंच रहा है। ऐसे में कांग्रेस और भाजपा अपना पूरा दमखम चुनाव प्रचार में लगा रहे हैं। राहुल गांधी आज कर्नाटक में जमकर प्रचार करेंगे। इस दौरान वह कोलार और बेंगलुरु ग्रामीण जिलों का दौरा करेंगे। कोलार में पेट्रोलियम मूल्य वृद्धि के खिलाफ मार्च भी निकालेंगे। वहीं पीएम मोदी आज नमो ऐप के जरिए कर्नाटक के युवा भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस बीच आरएसएस पर राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आरएसएस का राहुल गांधी पर निशाना
इस बीच राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सरकार्यवाह मनमोहन वैद्य ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार झूठ बोलकर समाज को भ्रमित करने की असफल कोशिश कर रहे हैं। उनके अधिकृत फ़ेसबुक पेज पर मेरे और सरसंघचालक मोहनराव भागवत के नाम से एक झूठ चलाया है कि संघ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को संविधान ने दिया आरक्षण समाप्त करना चाहता है। यह अत्यंत आधारहीन और सरासर झूठ है। मनमोहन वैद्य ने कहा कि राहुल गांधी अपने इस दावे के संदर्भ में अधिकृत संदर्भ या स्रोत देने की ईमानदारी दिखाएं। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज में चलते सामाजिक भेदभाव के कारण ही अनुसूचित जाति/ जनजाति को जो आरक्षण संविधान द्वारा प्राप्त है उसे जारी रहना चाहिए, यही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अधिकृत भूमिका है और संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा ने समय-समय पर अपने प्रस्ताव द्वारा यह प्रतिपादित किया है। उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी के इस झूठ के आधार पर चलने वाली घिनौनी राजनीति की हम घोर भर्त्सना करते हैं।
पीएम ने साधा सोनिया पर निशाना
रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के जामाखंडी में सोनिया गांधी पर सीधा हमला किया था। पीएम मोदी ने कहा कि दलित के बेटे राष्ट्रपति बने, लेकिन शिष्टाचार के नाते ही सही सोनिया गांधी ने एक बार भी राष्ट्रपति से मुलाकात नहीं की। बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को मतदान होगा, जबकि 15 मई को चुनाव के परिणाम घोषित किये जाएंगे।