फ़्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित ओलंपिक खेल समारोह में मौजूद भारतीय खिलाड़ियों के लिए खेल मंत्रालय ने 40 एयर कंडीशनर उपलब्ध करवाए हैं.
भारतीय एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने इस बारे में बयान देते हुए कहा, “जब हम यहां आए थे तो चार-पांच दिनों तक काफ़ी गर्मी थी और हमें सही से नींद नहीं आई थी. पंखे से हमारा काम नहीं चल पा रहा था और हमें खिड़कियों को खोल कर सोना पड़ता था.“
प्रियंका ने कहा, “कल ही हमें एसी उपलब्ध कराया गया है. हमने अपने खेल मंत्री को इसके लिए शुक्रिया भी कहा है. सभी भारतीय खिलाड़ियों को एसी मिला है और सभी बहुत खुश हैं.”
वहीं एक और भारतीय एथलीट किरण पहल ने भी कहा कि इससे पहले हमें केवल पंखा उपलब्ध कराया गया था.
लेकिन कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको एसी की आदत है तो अब सरकार ने हमें एसी उपलब्ध करा दिया है.