Homeप्रमुख खबरेंपूरे प्रदेश में गुजेंगी तानसेन संगीत समारोह की स्वर लहरियां

पूरे प्रदेश में गुजेंगी तानसेन संगीत समारोह की स्वर लहरियां

 

स्थानीय स्तर पर भी आयोजन के संबंध में होंगीं प्रतियोगिताएँ

ग्वालियर / संगीत का ख्यातिप्राप्त तानसेन समारोह इस वर्ष शताब्दी वर्ष 2024 के रूप में पूरी भव्यता के साथ आयोजित होगा। समारोह के तहत न केवल ग्वालियर में बल्कि सम्पूर्ण प्रदेश में संगीतमय प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया जायेगा। तानसेन समारोह में अंतर्राष्ट्रीय संगीत प्रस्तुतियां भी होंगीं। यह आयोजन दिसम्बर 2024 में प्रस्तावित है। प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग श्री शिवशेखर शुक्ला ने मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से तानसेन संगीत समारोह के आयोजन के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की।
संभागीय आयुक्त कार्यालय में तानसेन समारोह के संबंध में गूगल मीट से हुई बैठक में संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री, कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका चौहान, सीईओ ग्वालियर विकास प्राधिकरण श्री नरोत्तम भार्गव सहित संगीत समारोह से जुड़े विभागीय अधिकारी उपस्थित हुए।
प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि प्रतिवर्ष संगीत के क्षेत्र में विश्वविख्यात तानसेन समारोह का इस वर्ष शताब्दी वर्ष है। शताब्दी वर्ष के आयोजन के शासन स्तर से बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर भी समारोह के लिये आवश्यक तैयारियां एवं प्रबंधन समय रहते किया जाना आवश्यक है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि स्थानीय स्तर पर तानसेन समारोह के शताब्दी वर्ष के लिए लोगो प्रतियोगिता का अयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर भी संगीत के कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था भी की जायेगी। उन्होंने बताया कि रेलवे एवं हवाई सेवाओं में भी तानसेन समारोह के संबंध में यात्रियों को जानकारी देने हेतु एनाउंसमेंट की व्यवस्था हो, ऐसे प्रबंधन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही ग्वालियर दुर्ग पर आयोजित लाइट एण्ड साउण्ड के अंत में भी संगीतज्ञ श्री तानसेन के जीवन के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी का ऑडियो प्रसारित हो सके, इसकी व्यवस्था भी की जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शासन स्तर से तानसेन समारोह पर एक डॉक्यूमेंट्री तैयार कर ग्वालियर प्रशासन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि उसके माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके। ग्वालियर संगीत घराने के संबंध में भी स्थानीय स्तर पर संगीत की प्रतियोगिताओं का आयोजन हो, इसके लिये भी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
तानसेन समारोह के संबंध में प्रमुख सचिव संस्कृति विभाग श्री शिवशेखर शुक्ला ने संस्कृति विभाग द्वारा तैयार किए गए कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही ग्वालियर में स्थानीय समिति के माध्यम से भी प्राप्त होने वाले सुझावों पर संस्कृति विभाग के माध्यम से और बेहतर आयोजन की दिशा में कार्य किया जायेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments