पेरिस ओलंपिक में महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम भार वर्ग इवेंट के फ़ाइनल में विनेश फोगाट पहुंच गई हैं. इसके साथ ही उनका कम से कम सिल्वर मेडल तो पक्का हो गया है.
विनेश फोगाट ओलंपिक में कुश्ती के फ़ाइनल में पहुंचने वाली भारत की पहली महिला रेसलर हैं.
विनेश ने एक दिन में तीन मुकाबले जीत कर इतिहास रचा. उन्होंने सेमीफ़ाइनल में क्यूबा की गुजमैन लोपेज को हराया.
विनेश फोगाट ने सेमीफ़ाइनल मुकाबले में अपनी विरोधी को एक भी प्वाइंट स्कोर करने का मौका नहीं दिया और उन्हें 5-0 से मात दी.
विनेश फोगाट के फाइनल में पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी हैं.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि एक ही दिन में दुनिया की तीन धुरंधर पहलवानों को हराने के बाद आज विनेश के साथ-साथ पूरा देश भावुक है.
राहुल ने लिखा, “जिन्होंने भी विनेश और उसके साथियों के संघर्ष को झुठलाया, उनकी नीयत और काबिलियत तक पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए, उन सभी को जवाब मिल चुका है”.
राहुल गांधी ने कहा- “आज भारत की बहादुर बेटी के सामने सत्ता का वो पूरा तंत्र धराशाई पड़ा था जिसने उसे खून के आंसू रुलाए थे.”
उन्होंने कहा है कि चैम्पियंस की यही पहचान है, वो अपना जवाब मैदान से देते हैं.
राहुल गांधी ने कहा है कि बहुत शुभकामनाएं विनेश, पेरिस में आपकी सफलता की गूंज, दिल्ली तक साफ सुनाई दे रही है.
इससे पहले विनेश फोगाट के मैच जीतने पर प्रियंका गांधी ने भी शुभकामनाएं दी थी.