प्रवीण दुबे
ग्वालियर /मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज ग्वालियर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान एकबार पुनः बंद पड़ी जेसी मील के मजदूरों की देनदारियों के भुगतान किए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने खुद जेसी मील का अवलोकन भी किया।
विजयपुर चुनाव प्रचार के बाद मुख्यमंत्री रविवार की रात्रि विश्राम हेतु ग्वालियर रुके थे, आज सुबह मुख्यमंत्री वर्षों से बंद पड़ी और कबाड़ हो चुकी जेसी मील परिसर का अवलोकन करने पहुंचे।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की बंद हो चुकी मिलों में बेरोजगार हो चुके श्रमिकों के प्रति मध्यप्रदेश सरकार की उदारवादी नीति का जिक्र करते हुए कहा कि ग्वालियर की बंद जेसी मील के मजदूरों की देनदारियों के भुगतान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जैसी कि जानकारी है कि इस मिल के बंद होने के बाद से करीब 8 हजार मजदूरों की देन दारियां बकाया हैँ उन्हें चुकाना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं गरीबों बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हों इस लिए इंडस्ट्रियल कांक्लेव आयोजित किए जा रहे हैँ।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “मैं आज झारखंड जाने वाला हूं। हमारी सरकार गरीब, मजदूर, पिछड़ा वर्ग सभी को साथ लेकर चलना चाहती है। हमने निर्णय लिया था कि मजदूरों के हित में हमारा निर्णय होना चाहिए…”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर उन्होंने कहा, “इनकी बात जनता समझ चुकी है, कांग्रेस की बात का कोई भरोसा नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश जिस तरह आगे बढ़ रहा है वह जनता के सामने है। जनता का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी में है और प्रधानमंत्री मोदी जनता के लिए विकास कर रहे हैं।